भीषण सड़क हादसा : नेशनल हाईवे पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक की मौत, एक महिला गंभीर रूप से घायल
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। मानपुर के पास नेशनल हाईवे 930 पर रविवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। इस घटना में दोनों बाइक चालकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, बेलगांव निवासी एक दंपति अपने गांव लौट रहे थे और मानपुर साप्ताहिक बाजार से घर जा रहे थे। इसी दौरान, विपरीत दिशा से नेडगांव निवासी बाइक सवार कलवर गांव की ओर मानपुर की तरफ आ रहे थे। दोनों बाइकें मानपुर ब्लॉक मुख्यालय से महज दो किलोमीटर की दूरी पर आमने-सामने टकरा गईं।
मौके पर ही दोनों बाइक चालकों की दर्दनाक मौत हो गई। घायल महिला को मानपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर स्थिति को देखते हुए राजनांदगांव रिफर कर दिया गया। घटना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व मृतकों को अस्पताल पहुंचाया।
हादसे के विरोध में व्यापार बंद और आंदोलन का ऐलान
हादसे के कारण नेशनल हाईवे पर भारी जाम लग गया, और स्थानीय लोग हादसे की भयावहता को लेकर गुस्से में हैं। दो हफ्ते पहले भी इसी हाईवे पर एक बाइक सवार कार से टकरा कर घायल हुआ था। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि निर्माणाधीन हाईवे में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। दर्दनाक सड़क हादसे के विरोध में कल पूरे मानपुर में व्यापारिक गतिविधियां बंद रहेंगी। स्थानीय व्यापारी और क्षेत्रवासी सड़क पर सुरक्षा उपायों की मांग को लेकर आंदोलन करेंगे।




