हाऊसिंग बोर्ड कालोनी में लगी भीषण आग, लाखों का हुआ नुकसान
कोरबा। यहां की हाऊसिंग बोर्ड कालोनी में पिछली रात एक व्यवसायिक प्रतिष्ठान में आगजनी हो गई। इसकी चपेट में आने से भीतर रखे कपड़े, बाइक, स्कूटी और एक साइकिल स्वाहा हो गई। दुकान संचालक को लगभग 5 लाख रूपए का नुकसान हो गया। बालको नगर पुलिस ने मामले में आगजनी का प्रकरण पंजीबद्ध किया है। एएसआई गणेशराम महिलांगे ने बताया कि रात्रि 2-3 बजे के आसपास यह घटना हुई। हाऊसिंग बोर्ड कालोनी में सुनील शर्मा की कपड़े की दुकान है। कारोबारी सीजन को देखते हुए यहां कई वेरायटी का स्टाक किया गया था। रात में लगी आग से यहां रखे कपड़े जलकर समाप्त हो गए। आग का फैलाव कई कमरों तक होने के कारण उसके संपर्क में आने से शर्मा की एक मोटरसाइकिल, बाइक, स्कूटी और साईकिल भी जल गई। बालको प्रबंधन की दमकल को मौके पर भिजवाया गया। जब तक यहां पर बचाव कार्य किये जाते, उपयोगी सामान शेष नहीं बचा था।




