पत्नी की हत्या कर पति ने कर ली आत्महत्या, जानिये पूरा मामला...
महासमुंद : पत्नी का गला घोंटकर पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामला सरायपाली थाना के वार्ड 14 डिपापारा का है। पुुलिस ने मामले में मृतक आरोपी पति के खिलाफ हत्या का जुर्म दर्ज किया है। घटना बीते 13-14 मई की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पंचू नायक (46) शराब पीने का आदी था। बीते 13-14 मई की मध्य रात्रि आवेश में आकर पत्नी ललिता नायक की रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी और स्वयं बाड़ी के नीम पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
सुबह पड़ोस की एक महिला ने पंचू नायक की लाश बाड़ी में फांसी पर लटकी हुई देखी और उसके चचेरे भाई सरनो नायक को सूचना दी। सरनो ने सुबह ललिता को बिस्तर पर मृत अवस्था में देख घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच में लिया है। जांच और शार्ट पीएम रिपोर्ट के आधार पर ललिता की मौत की वजह गला दबाने से होने की बात सामने आई। पुलिस ने चचेरे भाई से पूछताछ की जिसमें उसने बताया कि ललिता बहुत कमजोर थी। पंचू शराब का आदी था। आवेश में आकर उसने पत्नी की हत्या कर स्वयं फांसी लगा ली होगी।
दंपत्ति का नहीं था कोई बच्चा
पुलिस के मुताबिक दंपत्ति का कोई बच्चा नहीं था। जिसकी वजह से पत्नी मानसिक रुप से अस्वस्थ रहती थीं और पंचू इसकी वजह से शराब पीने का आदी हो गया था। इस वजह से यह घटना घटित हुई होगी। पुलिस ने मामले में आरोपी मृतक पति के खिलाफ धारा 302 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है।




