तीन दिनों की सख्ती रही कामयाब तो जिले को मिलेगा कई बिंदुओं पर छूट, 20 अप्रैल को होगी स्थिति पर समीक्षा, पढ़ें पूरी खबर
रायपुर | छत्तीसगढ़ में जारी लॉकडाउन के बीच राजधानी रायपुर में आज शाम 5 बजे से एक बार फिर से कफ्र्यू जैसे हालात निर्मित हो जाएगा। कलेक्टर के आदेश के बाद पुलिस ने इसके लिए जोरदार तैयारी कर रखी है। यह स्थिति 19 अप्रैल की शाम 5 बजे तक प्रभावी होगा। चूंकि 20 अप्रैल को देश के सभी राज्यों, जिलों की एक बार फिर से समीक्षा होनी है, लिहाजा जिला प्रशासन ने इसके लिए अभी से तैयारी शुरू कर दी है। यह कड़ाई यदि पूरी तरह से कामयाब हुआ तो निश्चित तौर पर 20 अप्रैल के बाद राजधानीवासियों को कई बिंदुओं पर छूट मिल जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में इस बात का जिक्र किया था कि देश के ऐसे राज्य, ऐसे जिले जहां कोरोना संक्रमण के मामले काफी सीमित हैं। संक्रमण का ग्राफ अन्य जिलों की अपेक्षा कम है अथवा नहीं है। ऐसे जिलों को 20 अप्रैल के बाद कई बिंदुओं पर सशर्त छूट का लाभ मिलेगा। इधर प्रशासनिक सूत्रों की माने तो रायपुर जिले में अभी तक स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में हैं। आगे भी यह नियंत्रण कामयाब रहे इसके लिए अब जिला प्रशासन ने रायपुर जिले में आज शाम 5 बजे से 19 अप्रैल की शाम 5 बजे तक अतिआवश्यक सेवाओं को छोड़कर शेष सेवाओं को बंद रखने का आदेश जारी कर दिया है। यह तीन दिन अब राजधानी रायपुर के साथ ही जिले के लोगों के लिए अग्निपरीक्षा होगी। यदि इन तीन दिनों में जनता ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का पूरा साथ दिया और हालात सामान्य रहे तो निश्चित तौर पर 20 अप्रैल को होने वाली समीक्षा में रायपुर का नाम भी शामिल होगा। समीक्षा में यदि रायपुर जिले में सर्वत्र शांति रही, कोई नया मरीज सामने नहीं आता तो रायपुर जिले को भी 20 अप्रैल के बाद कई छूट का लाभ मिलेगा और जिलेवासियों को इसका लाभ मिलेगा। यही वजह है कि पुलिस और जिला प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है ताकि इन तीन दिनों में लोग अपने-अपने घरों में ही रहें और हालात पूरी तरह से नियंत्रण में रहें। देश में जारी लॉकडाउन-2 अब 03 मई तक प्रभावी रहेगा। इस तरह अभी 17 दिनों का लॉकडाउन शेष है। लेकिन राज्य में जिस तरह से कोरोना संक्रमण की स्थिति अन्य राज्यों की अपेक्षा काफी हद तक काबू में है, लिहाजा राज्य सरकार के साथ ही जिला प्रशासन का भी पूरा प्रयास है कि राज्य को इससे जल्द ही मुक्ति मिल जाए। यही वजह है कि जिला प्रशासन ने लॉकडाउन की कड़ाई के बाद भी रायपुर जिले में तीन दिनों के लिए और सख्ती बरतने का आदेश जारी किया है।




