छत्तीसगढ़ में बसों के पहिये एक ही दिन थमने से सहमी सरकार किराया बढ़ाने तैयार, महाबंद हुआ स्थगित
रायपुर, छत्तीसगढ़ में सिर्फ 24 घंटे बसों के पहिये थमने के बाद जो राज्य सरकार बसों का किराया बढ़ने से कतरा रही थी, अब बस मालिकों की शर्त पर तैयार हो गयी हैं। मंगलवार को दिन भर बस मालिकों के धरना के बाद अब बुधवार को लोगों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। पहले की ही तरह बसें सभी रूट पर चलाई जाएंगी। देर शाम यातायात महासंघ के नेताओं की परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर से मुलाकात के बाद यह निर्णय सामने आया है।
बताया जा रहा है कि बस ऑपरेटर्स को राज्य सरकार की तरफ से उनके हक में जल्द फैसला लेने का आश्वासन दिया गया है। बस मालिकों ने भी सरकार की सहमति के बाद ही यात्रियों से बढ़ा किराया लेने की बात कही है। राज्य सरकार कितना किराया बढ़ाएगी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
यातायात महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष अनवर अली ने कहा कि 2018 में 60 रुपए प्रति लीटर में बिकने वाला डीजल अब 2021 में लगभग 97 रुपए प्रति लीटर की दर पर बिक रहा है। छत्तीसगढ़ में यात्री किराया नहीं बढ़ने की वजह से बस संचालकों को नुकसान हो रहा है। बीते दो सालों में लॉकडाउन और कोरोना के असर की वजह से आर्थिक परेशानी बढ़ी है। पड़ोसी राज्य जैसे मध्यप्रदेश में सरकार ने यात्री किराया बढ़ाने पर मंजूरी दी, जिससे वहां के बस ऑपरेटरों को थोड़ी ही सही राहत मिली है।




