प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में 9 महीने में इतने हजार लोगों की मौत, सबसे ज्यादा दुर्घटनाएं इस जिले में, देखे आकड़े
रायपुर: सड़क दुर्घटनाओं में इस साल 9 महीने में 4066 लोगों की मौत सड़क हादसों में हुई। मरने वालों में सबसे ज्यादा संख्या 20 से 35 साल के युवाओं की है। सबसे ज्यादा हादसे रायपुर जिले में हुए, जहां 350 लोगों की जान गई। इन घटनाओं की रोकथाम के लिए शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभारी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस मुख्यालय में 20 अक्टूबर को स्पेशल डीजी आरके विज ने सड़क दुर्घटनाओं और उसकी रोकथाम के लिए किए जाने वाले उपायों की समीक्षा की। एआईजी संजय शर्मा ने 9 महीने के आंकड़ों का विश्लेषण पेश किया। उन्होंने बताया कि रायपुर में सबसे ज्यादा दुर्घटनाएं हुई हैं। इसके बाद बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव और रायगढ़ का स्थान है।
एकीकृत सड़क दुर्घटना डाटाबेस के अनुसार खुले मौसम और क्षेत्र में सर्वाधिक दुर्घटनाएं हुई हैं। इसके बाद वाहन से वाहन टकराने या सड़क किनारे किसी वस्तु से टकराने से अधिक दुर्घटनाएं हुईं। स्पेशल डीजी विज ने ओवर स्पीडिंग, गलत दिशा, नशे में वाहन चालन सहित बिना सीटबेल्ट-हेलमेट के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।




