टूलकिट विवाद में रमन और संबित पात्रा ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर FIR खत्म करने की मांग की
रायपुर। टूलकिट विवाद में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा हाईकोर्ट की शरण में पहुंच गए हैं। उन्होंने याचिका दायर कर उनके खिलाफ दर्ज FIR को खत्म करने की मांग की है। कहा है कि उनके खिलाफ कोई केस नहीं बनता है। भाजपा के दोनों नेताओं के खिलाफ रायपुर के सिविल लाइंस थाने में 19 मई को FIR दर्ज कराई गई थी। फिलहाल याचिका पर सुनवाई की तारीख अभी तय नहीं है। दोनों भाजपा नेताओं ने अधिवक्ता विवेक शर्मा के माध्यम से हाईकोर्ट में याचिका लगाई है। इसमें कहा गया है कि जिस टूल किट को लेकर अपराध दर्ज किया गया है, वह सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध था। याचिकाकर्ताओं ने पब्लिक डोमेन में मौजूद उस डिजिटल डॉक्यूमेंट पर टिप्पणी की है। ऐसे में उनके खिलाफ कोई अभियोग नहीं बनता है। अब इस मामले में रोस्टर के अनुसार इस याचिका पर सुनवाई जस्टिस नरेंद्र व्यास कर सकते हैं।




