शहर बंद के दौरान मीडिया कर्मियों को हो रही दिक्कत को देखते हुए आयुक्त जनसंपर्क ने प्रिंट-इलेक्ट्रानिक मीडिया के निरंतर संचालन के लिए प्रदेश के समस्त कलेक्टर, एसपी को लिखा पत्र
रायपुर, कोरोना वायरस के प्रकोप के लिए जहां राज्य सरकार हर संभव कोशिश कर रही है तो वहीं ऐसी विकट स्थिति में भी मीडिया अपने कर्तव्यों का सही ढंग से पालन कर रही है। वर्तमान स्थिति में मीडिया कर्मियों को होने वाली असुविधा को देखते हुए अब आयुक्त जनसंपर्क तारण प्रकाश सिन्हा ने प्रदेश के समस्त कलेक्टर, पुलिस अधीक्षकों को एक पत्र जारी कर मीडिया कर्मियों को उनके दायित्व निर्वहन के दौरान कोई परेशानी न हो, इसके लिए पत्र जारी कर मीडिया कर्मियों को कफ्र्यू में छूट देने का अनुरोध किया है।
छत्तीसगढ़ शासन कोरोना वायरस के प्रकोप को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है। कोरोना वायरस के बचाव के बारे में लोगों को समुचित जानकारी देने में समाचार पत्र, टीवी चैनल, समाचार एजेंसियां, मल्टीसिस्टम ऑपरेटर, केबल ऑपरेटर एवं एफएम रेडियो आफ सामुदायिक रेडिया स्टेशनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। यह न केवल लोगों में जागरूकता पैदा करने और महत्वपूर्ण संदेश देने के लिए अपितु देश को नवीनतम स्थिति से अपडेट रखने के लिए भी आवश्यक है। इस समय झूठी और फेक खबरों से बचने की जरूरत है और सकारात्मक और प्रेरणा देने वाली खबरों को बढ़ावा देने की जरूरत है। यह सभी समाचार माध्यम इसे सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस महत्वपूर्ण समय में सूचना तंत्र के निर्बाध संचालन को सुनिश्चित करना आवश्यक है, इसके लिए समाचार पत्र प्रिंटिंग, वितरण, टीवी चैनल का संचालन और केबल आपरेटर के माध्यम से प्रसारण, एफएम रेडिया संचालन तथा समाचार एजेंसियां इन सेवाओं की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए अनुरोध किया जाता है। यदि जिले में कोई प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं तो कृपया उपरोक्त सेवाओं को इससे छूट प्रदान की जाए या ऐसी उपयुक्त व्यवस्था की जाए जिससे उन्हें कार्य करने में सुविधा हो।




