रेल हादसे की जिम्मेदारी तय करने के साथ हो जांच : मनीष सिंह
प्रदेश संयोजक छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस ने जताई संवेदना
बिलासपुर, छत्तीसगढ़ — दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के अंतर्गत गतौरा स्टेशन के पास मंगलवार को हुई मेमू ट्रेन और मालगाड़ी की टक्कर में कई यात्रियों की मृत्यु एवं घायल होने की घटना पर छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश संयोजक मनीष सिंह ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
उन्होंने दिवंगत यात्रियों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
मनीष सिंह ने कहा कि,
“रेल हादसे की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए और इसके वास्तविक कारणों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। इस तरह की घटनाएं रेलवे प्रशासन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न उठाती हैं।”
उन्होंने रेल प्रशासन से मांग की कि पीड़ितों को शीघ्र मुआवजा दिया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
प्रदेश संयोजक ने कहा कि,
“गतौरा स्टेशन के पास हुई यह दुर्घटना किसी तकनीकी खामी या मानवीय भूल का परिणाम है। अब यह स्पष्ट होना चाहिए कि दोष सिस्टम का है या व्यक्ति का। जवाबदेही तय करना आवश्यक है।”
मनीष सिंह ने यह भी कहा कि पिछले कुछ समय से रेलवे की प्राथमिकता यात्रियों की सुविधा से हटकर कोयला और माल परिवहन की ओर बढ़ती जा रही है।
“अगर रेलवे आज किसी चीज़ में रिकॉर्ड बना रहा है, तो वह है दुर्घटनाओं का रिकॉर्ड, न कि सुरक्षा का,” उन्होंने कहा।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से अपील की कि रेल सुरक्षा की व्यवहारिक समीक्षा कर हादसों की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।




