राजधनी में धीरे-धीरे पैर पसार रहा है पीलिया, पढ़े पूरी खबर
रायपुर। राजधानी में एक ओर जहां कोरोना की काली छाया मंडरा रही है तो वहीं शहर के कई इलाकों में अब पीलिया का प्रकोप भी बढ़ता जा रहा है। इसे लेकर निगम और स्वास्थ्य अमला भी अपनी ओर से राहत व बचाव का कार्य शुरू कर चुका है।
राजधानी के कई इलाकों में इन दिनों पीलिया का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। नलों से आ रहे गंदे पानी की शिकायत पर निगम अमले ने रातों-रात लाखेनगर से लेकर आमापारा इलाके तक पाईप लाईन बदलकर इस समस्या के समाधान का प्रयास किया था। वहीं विधायक विकास उपाध्याय के प्रयासों से पीलियाग्रस्त इलाकों में बकायदा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया था। विधायक उपाध्याय ने इसके अलावा प्रभावित इलाकों में स्वयं भ्रमण करते हुए गरीब व जरूरतमंद परिवारों के मध्य पानी जार और क्लोरिन की गोलियां बांटी थी। इसके बाद भी पीलिया का प्रकोप थमने का नाम नहीं। आज भी शहर के कई इलाकों से पीलिया की शिकायत सामने आ रही है। वर्तमान में अब जनता कोरोना वायरस के साथ ही पीलिया का प्रकोप भी झेल रही है। हालांकि यह स्थिति शहर के कुछ ही इलाकों तक सीमित है, लेकिन समय रहते इस पर काबू नहीं पाया गया तो यह स्थिति भी नियंत्रण से बाहर हो जाएगी।




