इस जिले में खेली गई खुनी होली, युवक ने सहकर्मी पर किया कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला, हत्या के बाद गांव में दहशत
महासमुंद। बुंंदेली चौकी क्षेत्र के ग्राम बिराजपाली में जिस वक्त पूरे गांव वाले होलिका दहन करने जा रहे थे, उसी वक्त एक युवक ने खूनी होली खेलते हुए अपने सहकर्मी की हत्या कर दी। ऐन त्योहार के दिन इस वारदात से मृतक के घर में मातम और पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। घटना के बाद न तो गांव में होली जली और न ही होली खेली गई। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। हत्या का आरोपी घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 302 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। तेंदूकोना पुलिस (बुंदेली चौकी) से प्राप्त जानकारी अनुसार 9 मार्च को लगभग 6 बजे शाम को वेदप्रकाश बरिहा (27) की कुल्हाड़ी मार कर हत्या कर दी गई। हत्या कर आरोपी फरार हो गया वहीं सूचना पर बुंदेली चौकी प्रभारी घटना स्थल पहुंचकर जांच में जुटी हुई है व आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। आरोपी अब तक पुलिस पकड़ से बाहर है। पुलिस ने बिराजपाली के बीरसिंग बरिहा के खिलाफ भादवि की धारा 302 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
हत्या का कारण स्पष्ट नहीं -
घटना के वास्तविक कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। हत्या के आरोपी बीरसिंग के पकड़े जाने के बाद ही कारण का पता चल पाएगा। बताया जा रहा है कि तालाब में मछली के लिए झगड़ा होना पता चला है। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार घटना के दिन आरोपी बीरसिंग अपने मित्रों के साथ दिन भर गांव में घूम-घूम कर गांव के चार-पांच लोगों की हत्या करने की बात सरेआम कहते हुए घूम रहा था। जिसे लोगों ने बिल्कुल हल्के में लिया। मृतक के पिता जतन बरिहा ने बताया मेरे दुकान के सामने बीरसिंग अपने दोस्तों के साथ शराब के नशे में आया व गांव के ही चार-पांच लोगों का नाम लेकर उनकी हत्या करने की बात कर रहा था लेकिन उनके बेटे को मारने का नाम नहीं लिया था। जबकि शाम को मेरे ही बेटे वेदप्रकाश बरिहा को जान से मार दिया।
सरेराह कुल्हाड़ी से वार -
सरेराह टिकेश्वर के किराना दुकान के सामने टंगिया से वेदप्रकाश के सिर पर तीन से चार बार प्राणघातक हमला किया हमला इतना जोरदार था कि वेदप्रकाश के वहीं प्राण छूट गए। वहीं इस घटना के सूचना मिलते ही मृतक की मां हारोबाई घटनास्थल पहुंचकर दहाड़ मारकर रोती रही और जिस टंगिये से उनके बेटे को मारा गया था उसी टंगिये के लेकर आरोपी के घर उसे मारने पहुंच गया और जब वह घर में नहीं मिला तो आरोपी बीरसंग की पत्नि पर टंगियों से वार कर दिया। जिसे उसके परिजनों ने बचाया। वहीं मृतक की पत्नि भी घटना के बाद बेहोश हो गई। दोनों महिलाओं को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनका उपचार जारी है व खतरे से बाहर है।
गांव में पसरा सन्नाटा, मृतक के घर मातम -
होली त्योहार का मजा पूरे अंचल में था। पर्व को लेकर लोग अपनी-अपनी तैयारियों में लगे थे। बिराजपाली में भी होलिका दहन की तैयारियां चल रही थी। होली जलाने के लिए कुछ ही घंटे बचे थे। सभी खुशी के माहौल में झूम रहे थे। ठीक सात बजे यह माहौल दहशत में बदल गया। आरोपी बीरसिंग बरिहा कुल्हाड़ी लेकर बस्ती की तरफ आया और वेदप्रकाश उर्फ बऊ बरिहा के साथ गाली गलौज करते हुए गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। जिससे घटना स्थल पर ही मौत हो गई। इधर, घटना को देखकर ग्रामीण भयभित हो गए। हत्या की खबर जब गांव के गलियों में फैली तो घटना स्थल पर सभी एकत्रित हो गए। इधर, आरोपी के फरार होने के बाद ग्रामीणों ने घटना की जानकारी बुंदेली पुलिस को दी। हत्या के बाद गांव में सन्नाटा पसर गया वहीं, मृतक के घर मातम छा गई। इधर, हत्या के गांव में पुलिस जवानों की संख्या बढ़ा दी गई। होलिका दहन के दूसरे दिन भी गांव में सन्नाटा पसरा रहा।
तलाश में जुटी पुलिस -
बहरहाल इस घटना को चार दिन बीत रहें है और मुख्य आरोपी पकड़ से बाहर है जो कि पुलिस के लिए कड़ी चुनौती बनी हुई है और उसे पकडऩे के लिए साईबर सेल की टीम भी आज बुंदेली चौकी पहुंचकर बिराजपाली से इसके क्लू तलाशने में जुट गई है।




