ग्रीन जोन के जिलों में आवागमन के लिए कोविड-19 ईपास सेवा बन रहा सहायक
रायपुर | राज्य के अनेक जिलों में स्थिति सामान्य होने तथा कोविड-19 के नए मरीज सामने न आने के बाद अब एक बार फिर से राज्य के अंदर आवश्यक कार्य से आवागमन करने वालों को राहत मिल गई है। कोविड-ई-पास के लिए आवेदन करने वालों को शीघ्र ही अनुमति मिल सकती है।
राज्य सरकार ने अंत्यंत आवश्यक सेवाओं को जारी रखने, लॉकडाउन के दौरान सीजी कोविड-19 ई पास सेवा जारी किया था। इस मोबाइल एप्लीकेशन को डाउनलोड करने के बाद आवेदनकर्ता अपनी पूर्ण जानकारी भरकर इसे सबमिट कर आसानी से ई-पास प्राप्त कर सकता है। इस सेवा के प्रारंभ होने के बाद अधिकांश लोगों ने ई-पास प्राप्त करने आवेदन किया और उन्हें अनुमति भी मिली। लेकिन अचानक राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढऩे के बाद ई-पास में आवेदन करने वालों की जैसी बाढ़ आ गई थी। राज्य में अफरातफरी न मचे, इसके लिए विशेष परिस्थितियों में भी इस सेवा के माध्यम से अनुमति जारी की जा रही थी। लेकिन अब स्थिति लगभग सामान्य हो चुकी है। ऐसे में जानकारों की माने तो जरूरी काम से राज्य के अंदर ही दूसरे शहर जाने के इच्छुक लोग इस सेवा का पुन: लाभ ले सकते हैं। ग्रीन जोन से ग्रीन जोन के जिलों में आवागमन के लिए इस सेवा का लाभ उठाया जा सकता है। वैसे भी राज्य सरकार प्रदेश के अंदर जनजीवन को सामान्य करने तथा संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। लिहाजा ग्रीन जोन के जिलों से ग्रीन जोन के ही अन्य जिलों में जाने के लिए इस सेवा का लाभ उठाया जा सकता है।




