मदिरा प्रेमी ध्यान दें : इस दिन बंद रहने वाले हैं मदिरा की दुकानें
कोरबा। जिला कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुष्क दिवस घोषित किया है। इस अवसर पर जिले की सभी देसी एवं विदेशी मदिरा दुकानें, असैनिक विनोदगृह एवं मद्य भाण्डागार पूरी तरह बंद रखे जाने का आदेश जारी किया है तथा इसका कड़ाई से पालन करने के निर्देश आबकारी अधिकारियों को दिए हैं। जिले की सभी मदिरा दुकानें 14 अगस्त को निर्धारित समय के बाद बंद हो जाएंगी।
आबकारी उपनिरीक्षक वृत्त कोरबा शहर, कोरबा आंतरिक, कोरबा दक्षिण, दीपका, दर्री-गेवरा, बांकीमोगरा एवं कटघोरा को निर्देशित किया गया है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 14 अगस्त को प्रभार क्षेत्र की समस्त देशी एवं विदेशी मदिरा दुकाने, एफ एल 3, एफ एल 4 असैनिक विनोदगृह एवं मद्यभाण्डागार कोरबा को निर्धारित समय के पश्चात पूर्णत: सीलबंद करें। आबकारी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि बंदी दिवस को अपने प्रभार क्षेत्र में सघन गश्त करें तथा यह सुनिश्चित करें कि प्रभार क्षेत्र में कहीं भी मदिरा का अवैध विक्रय ना हो।




