राजधानी में कल से खुलेगी शराब दुकानें, मदिरा प्रेमियों में खुशी का माहौल, पढ़ें पूरी खबर
रायपुर | करीब डेढ़ माह से बंद शराब दुकानों के शटर कल सुबह 8 बजे से खुल जाएंगे। इसके लिए आदेश हो चुका है, इधर आज दोपहर जैसे ही शराब दुकान खुलने की सूचना सार्वजनिक हुई मदिराप्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। वहीं आज शराब दुकानों के बाहर ग्राहकों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए मार्किंग का काम भी शुरू हो गया है।
शहर के मदिराप्रेमियों को बड़ी बेसब्री से शराब दुकानें खुलने का इंतजार था। पिछले सप्ताह से ही इस बात की अटकलें तेज हो गई थी कि लॉकडाउन-2 की अवधि समाप्त होते ही शराब दुकानें खुल जाएंगी। लेकिन अचानक लॉकडाउन-3 का आदेश आते ही तथा 17 मई तक लॉकडाउन बढ़ाए जाने के आदेश आने के बाद मदिराप्रेमियों में निराशा छा गई थी। इसी बीच हाल ही में प्रदेश के आबकारी मंत्री कवासी लखमा के इस बयान ने मदिराप्रेमियों को थोड़ी राहत दी थी कि प्रदेश में शराब दुकानों को खोलने के संबंध में जल्द ही निर्णय लिया जाएगा। मदिराप्रेमियों में आश बढ़ गई थी। इधर आज दोपहर जैसे ही शहर में इस बात की सूचना सार्वजनिक हुई कि सोमवार सुबह 8 बजे से मदिरालयों के दरवाजे खुल जाएंगे, मदिराप्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई। हालांकि शराब दुकानों को खोलने या बंद रखने को लेकर अभी भी बुद्धिजीवियों में बहस छिड़ी हुई है। दूसरी ओर अन्य संस्थानों को भी एक तय समय के लिए खोला जा रहा है, धीरे-धीरे स्थिति अब सामान्य किए जाने का प्रयास तेज हो गया है। इधर आज शराब दुकानों के बाहर ग्राहकों के खड़े होने, सामाजिक दूरी का कड़ाई से पालन कराने के लिए मार्किंग का काम भी शुरू हो गया है।




