रायपुर में LIVE मर्डर: मोहल्ले के लोगों के सामने युवक के सीने में घोंप दिया चाकू, घटना कैमरे में कैद
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर शहर के मठपारा में शुक्रवार शाम हुई हत्या का वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि संजय नगर इलाके का बदमाश शिबू उर्फ आफताब चाकू से ताबड़तोड़ वार कर रहा है। उसका मठपारा के रहने वाले दिनेश साहू के साथ विवाद हुआ था। दिनेश को बचाने के लिए उसका बड़ा भाई लोकेश आया। आफताब ने लोकेश के सीने पर चाकू से वार कर दिया। लोकेश की मौके पर ही मौत हो गई। ये घटना चौराहे के पास एक दुकान में लगे CCTV में कैद हो गई।
टिकरापारा थाने की पुलिस ने आफताब के खिलाफ धारा 302 के तहत केस दर्ज कर लिया है। खबर है कि पुलिस इसे हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है। वीडियो की जांच भी पुलिस कर रही है। मठपारा इलाके लोगों में इस घटना को लेकर भारी गुस्सा है।
आरोपी ने पूरे मोहल्ले के लोगों की आंखों के सामने बड़े ही बेखौफ अंदाज में लोकेश को मौत के घाट उतार दिया। उसने लोकेश के साथ मौजूद रवि निर्मलकर नाम के युवक के पेट में चाकू घुसा दिया और घटना के बाद वहां से भाग गया था।
गौरा-गौरी विसर्जन में डांस करने की बात पर विवाद
मठपारा में गौरी-गौरी विसर्जन यात्रा निकाली जा रही थी। लोग नाचते झूमते आरडीए कॉलोनी के गेट के पास पहुंचे। आरोपी शिबू उर्फ आफताब ने इस यात्रा में घुसकर डांस करना शुरू कर दिया। उसके हाथ में चाकू थे। इस दौरान दिनेश साहू ने उसे टोका। आफताब इस पर मारपीट करने लगा।
दिनेश के भाई लोकेश साहू अपने दोस्तों के साथ आफताब को हथियार रखकर नाचने से रोकने की कोशिश करने लगा। आफताब ने लोकेश पर दोनों हाथ में रखे हथियार से वार कर दिया। सड़क पर लोकेश का खून बिखर गया। भीड़ के सामने बेरहमी से लोकेश का आफताब ने कत्ल कर दिया। छोटे भाई दिनेश की आंखों के सामने ही बड़े भाई लोकेश की मौत हो गई।




