लॉकडाउन छत्तीसगढ़: बार्डर की सीमा पर सख्ती, नाकाबंदी कर आने जाने वालों की जांच के बाद ही दे रहे प्रवेश
महासमुंद। जिले में कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए 14 अप्रैल से लेकर 22 तक लॉकडाउन किया गया है । इसके लिए जिले की सीमा को सील कर दिया गया है, साथ ही न जगहों में बेरिकेट्स लगाकर जवानों को तैनात किया गया है । जिले की सीमा में करीब 17 जगहों पर चेकिंग प्वाईंट बने हैं, ताकि दूसरे राज्य व जिलों से अनाधिकृत्य रूप से न तो प्रवेश कर सके, नहीं बाहर जा सकें । केवल ई-पास वाले वाहनों को आने की अनुमति दी गई है । इसमें 12 स्थान अंतरराज्यीय बार्डर व 5 स्थान अंतर जिला के लिए स्थापित किए गए हैं । यहां चौबीसों घंटे पुलिस की चौकसी है। इनके बिना परमिशन के जिले में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है । इसके अलावा थाना व चौकी क्षेत्र में भी जगह- जगह पुलिस के जवान तैनात है, जहां अनावश्यक घुमने वालों को समझाईश दे रहे हैं । भास्कर की टीम ने अंतरराज्यीय बार्डर पर पुलिस व प्रशासन की व्यवस्था का पड़ताल करने पहुंची, जहां देखा कि पुलिस के जवान वहां तैनात है और वहां से गुजरने वाली वाहनों के अनुमति की जांच कर ही उन्हें चेकिंग प्वाईंट से गुजरने दिया जा रहा है।
ये है अंतरराज्यीय व जिला की सीमा, जहां पुलिस की चौबीसों घंटे है चौकसी
पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 17 जगहों पर चेकिंग प्वाईंट बनाई गई हैं, जहां पुलिस व प्रशासन की टीम तैनात है । बागबाहरा व कोमाखान क्षेत्र में रेवा घाट, नर्रा नाका, खट्टी, लिलेसर, चरौदा, बसना क्षेत्र पलसापाली, साल्हेझारिया, सरायपाली क्षेत्र में सिरपुर नाका, लारीपुर, ढोरढोरकसा व रेहटीखोल ये अंतरराज्जीय सीमा है । जहां से छग व ओडिशा की सीमा लगी है । इसके साथ ही घोड़ारी, नवागढ़, डोंगरीपाली, टूहलू, बम्हनी ये अंतरजिला सीमा है । यहां से रायपुर, गरियाबंद व बलौदाबाजार की सीमा है ।
रेवा घाट से अवागमन बंद, सीमा सील
बागबाहरा थाना क्षेत्र के रेवा घाट पुल की के पास पुलिस प्रशासन में बैरिकेट्स लगाई है । यह ओडिशा का बार्डर है । इस रास्ते से छत्तीसगढ़ व ओडिशा के लोग आवागमन करते हैं, लेकिन वर्तमान में यहां 14 अप्रैल से पुलिस व प्रशासन की टीम तैनात है । इस मार्ग से आवागमन बंद कर दिया गया है । कोरोना संक्रमण के बढ़ते केस को देखते हुए किसी को भी इस मार्ग से गुजरने नहीं दिया जा रह है ।
नर्रा नाका में पुलिस के जवान तैनात
कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम नर्रा से ओडिशा की दूरी 3 से 4 किलोमीटर है । विगत 14 अप्रैल से नर्रा नाका में पुलिस के जवान तैनात है । पुल पर बेरिकेट्स लगा हुआ है । ओडिशा व छग के लोगों को आने जाने नहीं दिया जा रहा है । चौबीसों घंटे पुलिस के जवान ड्यूटी दे रहे हैं । यह सीमा ओडिशा से लगा हुआ है । संक्रमण न बढ़े इसलिए सीमा को सील कर दिया गया है ।
ओडिशा सीमा से लगे रेहटीखोल पर कर रहे चेकिंग
एनएच-53 जिले के अंतिम छोर सिंघोडा थाना के रेहटीखोल पर अधिकारी व कर्मचारी की आने जाने वालों पर पैनी नजर है । इस स्थान से राज्य की सीमा बंद और ओडिशा की सीमा लगती है । यहां पर अधिकारी व कर्मचारी तैनात है। सीमा पर दो शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है। सीमा के प्रभारी अधिकारी इंद्रराम चंद्रवंशी नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी सरायपाली हैं। ड्यूटी में तैनात राजस्व निरीक्षक कन्हैयालाल भोई, पटवारी जितेंद्र बाघ, तामेश्वर देवांगन, पुलिस विभाग से रमाकांत त्रिपाठी, सुशांत बेहरा, स्वास्थ्य कर्मचारी डॉ. अरुण कुमार साहू, शिक्षा विभाग से संदीप कुमार तिवारी एवं लेख रंजन पात्र ड्यूटी में तैनात है । ये ओडिशा से आने वाले लोगों एवं छत्तीसगढ़ से ओडिशा जाने वालों का आईडी कार्ड, ई-पास चेक कर गाड़ी नंबर नोट कर रहे है एवं साथ ही उनका कारण भी नोट कर रहे हैं । रात 10 से सुबह 6 बजे की पारी में उत्तर कुमार साहू राजस्व निरीक्षक, पटवारी तारेन पटेल, मजेश भोई की ड्यूटी लगी है । दूसरा शिफ्ट 18 से 22 अप्रैल 2021 तक है इसमें अन्य अधिकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है ।




