लॉकडाउन: कार में बर्थ-डे पार्टी मनाते सात युवक को पुलिस ने पकड़ा
महासमुंद। कार में बर्थ डे पार्टी मनाते हुए मस्ती कर रहे 7 युवक को पुलिस ने पकड़ा है। ये सभी बगैर मास्क के एक साथ कार में सवार थे और तेज आवाज में गाना बजाकर बर्थ डे पार्टी मना रहे थे। मामला खल्लारी चौक के पास रात 9 बजे की है। पुलिस ने सभी युवकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार कोरोना वायरस के संक्रमण से रोकथाम के लिए थाना खल्लारी के सामने स्थित चौक में लोगों को सुरक्षा व राहत एवं कोरोना वायरस संक्रमण से रोकथाम के लिए चेक प्वाइंट बनाया गया है। वहां से सूचना मिली कि कार क्रमांक 06 जीआर 3454 में सात लोग सवार हैं, जो लॉकडाउन के नियमों और शासन-प्रशासन जारी आदेशों का उल्लंघन कर बर्थ डे पार्टी मनाकर मस्ती कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस की टीम खल्लारी चौक पहुंचकर कार सवार सभी युवकों को पकड़ा। पकड़े गए युवकों के पास न तो सैनिटाइजर था और न ही उन्होंने मास्क पहना था। लॉकडाउन नियमों का उल्लंघन कर बर्थ डे मनाने के आरोप में पुलिस ने ग्राम संतोषी नगर भीमखोज निवासी भूपेंद्र कुमार ध्रुव, ग्राम पचेड़ा निवासी अरबाज खान, राजू साहू, मनोज रात्रे, शिवशंकर ध्रुव, ढाल सिंह और बागबाहरा निवासी जय किशन सबर को गिरफ्तार किया है।




