भगवान जगन्नाथ हुए बीमार, भक्तगण अब 15 दिन बाद कर पायेंगे दर्शन
रायपुर। भगवान जगन्नाथ पूर्णिमा स्नान करने के बाद बीमार हो गए है। भक्तगण अब 15 दिनों के बाद उनके दर्शन कर पायेंगे। इस परंपरा को आज भी राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती स्थित ऐतिहासिक भगवान जगन्नाथ मंदिर समेत सदर बाजार, गायत्री नगर, लिली चौक, गुढिय़ारी के मंदिरों में अपनाते हुए भगवान जगन्नाथ के मंदिरों के पट बंद कर दिए गए।
पुरानी बस्ती स्थित जगन्नाथ मंदिर के महंत रामसुंदरदास ने बताया कि गुरूवार को ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर भगवान जगन्नाथ, बड़े भैय्या बलदाऊ और बहन सुभद्रा के श्रीविग्रह को गर्भगृह से बाहर निकालकर प्रांगण में रखा गया है वहीं भक्तों ने अपने हाथों से भगवान को स्नान कराया। स्नान करने के बाद भगवान जगन्नाथ बीमार हो गये है, जो 15 दिन के उपचार के बाद ठीक होंगे। इस दौरान उन्हें काढ़ा पीलाया जायेगा। स्वस्थ होने के बाद भगवान 11 जुलाई को नेत्र खोलेंगे। इस दिन नेत्रोत्सव मनाया जाएगा, जिसके दूसरे दिन 12 जुलाई को परंपरानुसार भगवान जगन्नाथ, बलदेव व सुभद्रा को रथ में विराजित करने की परंपरा निभायी जाएगी। हालांकि पिछले साल की तरह इस बार भी भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में कोरोना का साया मंडरा रहा है। कोरोना के चलते संभवत: इस बार भी रथयात्रा निकालने पर जिला प्रशासन द्वारा रोक लगाई जा सकती है। हालांकि इस संबंध में अब तक जिला प्रशासन द्वारा कोई दिशा-निर्देश जारी नहीं किया गया है। ज्ञात हो कि कोरोना संक्रमण की वजह से मंदिर के कपाट पहले से ही बंद चल रहे है। कोरोना महामारी के कारण प्रशासन द्वारा राजधानी के सभी धार्मिक स्थलों में भक्तों के लिए प्रवेश के लिए प्रतिबंधित किया हुआ है। अभी मंदिरों में सिर्फ पुजारियों द्वारा पूजा-पाठ किया जा रहा है।




