मेकाहारा कक्ष क्र. 341 के पोस्ट कोविड रिकवरी क्लिनिक में विशेषज्ञ देंगे अपनी सेवाएं
रायपुर। डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय में कोरोना पॉजिटिव होकर उपचार उपरांत निगेटिव हो चुके मरीजों के लिये अस्पताल के तृतीय तल में कक्ष क्र. 341 में विशेष रूप से शुरू की गई पोस्ट कोविड रिकवरी क्लिनिक का संचालन नियमित रूप से किया जा रहा है। कोविड की दूसरी लहर के बाद लॉकडाउन के कारण जो मरीज अस्पताल नहीं आ पा रहे थे, वे वर्चुअल ओपीडी के माध्यम से घर बैठे विशेषज्ञों से परामर्श एवं इलाज प्राप्त कर रहे थे। वर्तमान में कोविड के केस कम होने के कारण शासन द्वारा स्टेप वाइज अनलॉक की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। अनलॉक के कारण अस्पताल की पोस्ट कोविड रिकवरी क्लिनिक में आने वाले मरीजों की संख्या में वृद्धि को देखते हुए उनकी सुविधा के लिए क्लिनिक में समुचित जांच एवं उपचार की व्यवस्था की गई है।
कोविड की दूसरी लहर के बाद विभिन्न प्रकार की नई बीमारियां तथा पोस्ट कोविड जटिलताओं जैसे- म्यूकर माइकोसिस, डायबिटीज, थायराइड एवं अन्य बीमारियों को देखते हुए पोस्ट कोविड रिकवरी क्लिनिक में इन नई बीमारियों की जांच और स्क्रीनिंग विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा। इस हेतु रेस्पिरेटरी एवं चेस्ट, साइकियाट्रिक, मेडिसिन तथा फिजियोथेरेपी के साथ ही अन्य विभाग जैसे ईएनटी, सर्जरी, ऑप्थेल्मोलॉजी, ऑर्थोपेडिक तथा स्किन एंड वी. डी. के विशेषज्ञों द्वारा मरीजों को हो रही इन नई बीमारियों की स्क्रीनिंग की जाएगी एवं उपचार हेतु निर्देशित किया जाएगा।




