मौसम विभाग ने किया अलर्ट जारी : गुलाब तूफान का असर दिखेगा छत्तीसगढ़ में
रायपुर। रविवार शाम से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई अंचलों में हल्की व मध्यम बारिश हो चुकी है। इस चक्रवाती तूफान गुलाब को लेकर देश में अलर्ट जारी किया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ में भी इसका व्यापक असर देखने को मिल सकता है, जिसके चलते चेतावनी जारी की गई है। वहीं मंगलवार तक तेज बारिश की संभावनाएं व्यक्त की जा रही हैं। राजधानी रायपुर में आज सुबह से तेज हवाएं चल रही हैं। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बढ़ी हुई आद्रता की वजह से मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में मध्यम से लेकर तेज बारिश हो सकती है। इसके साथ ही आकाशीय बिजली भी गिर सकती है, जिसकी वजह से संभलकर रहने की सलाह दी गई है। अन्यथा भारी नुकसान की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने चक्रवात के कमजोर होकर बस्तर जिले में सोमवार को प्रवेश करने की संभावना जताई है। इसके चलते बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर कोंडागांव और कांकेर में भारी में भारी बारिश की संभावना है। वहीं रायपुर और दुर्ग संभाग भी प्रभावित होंगे। बताया जा रहा है बालोद, धमतरी और गरियाबंद में भारी बरसात हो सकती है।




