निलंबित एडीजी जीपी सिंह को विशेष कोर्ट में हाजिर करने की नोटिस चस्पा
रायपुर। राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो ने निलंबित एडीजी जीपी सिंह को सोमवार की सुबह 11 बजे उपस्थिति दर्ज करवाने के लिए उनके परिजनों को नोटिस थमाया गया है। इसमें आय से अधिक संपत्ति मामले में पूछताछ करने और बयान दर्ज करने का हवाला दिया गया है। इसकी तामिली ईओडब्ल्यू के कर्मचारी के जरिए कराई गई है। साथ ही उनके परिवारवालों को जीपी तक संदेश पहुंचाने कहा गया है। वहीं जांच में सहयोग करने और नोटिस की अवहेलना नहीं करने की हिदायत दी गई है। बताया जाता है कि इस नोटिस के जरिए जीपी सिंह पर शिकंजा कसने की तैयारी भी चल रही है। छापे की कार्रवाई के बाद गिरफ्तारी की आशंका के चलते जीपी सिंह 8 जुलाई से गायब है। बिना बताए गायब रहने पर जीपी सिंह को फरार घोषित करने की तैयारी चल रही है। इसके लिए जल्दी ही ईओडब्ल्यू द्वारा विशेष न्यायालय में आवेदन पेश किया जाएगा। साथ ही विभाग द्वारा जारी की गई नोटिस की अवमानना करने का हवाला दिया जाएगा। कोर्ट से जीपी सिंह को फरार घोषित करने के आदेश के बाद इस सूचना को सार्वजनिक रूप से उनके घर पर चस्पा की जाएगी। ईओडब्ल्यू जल्दी ही सर्च वारंट के दस्तावेज विशेष न्यायालय में जमा करेगी। कोतवाली निरीक्षक के नेतृत्व में रविवार को हैंडराइटिंग एक्सपर्ट को लेकर पुलिस टीम निलंबित एडीजी के शासकीय आवास और चंदखुरी स्थित पुलिस अकादमी के कार्यालय में पहुंची। पुलिस सूत्रों के अनुसार आवास-कार्यालय से लिए गए सैंपलों को विशेषज्ञ डायरी की लिखावट, निलंबित एडीजी के आवास से मिले पत्र की लिखावट से जांच करेंगे। एक्सपर्ट अपनी जांच की रिपोर्ट कोतवाली निरीक्षक को देंगे और उसी के आधार पर आगे की जांच की दिशा तय होगी। अधिकारियों ने निलंबित एडीजी के खिलाफ साक्ष्य जुटाने की जिम्मेदारी 5 टीम को दी है। ये टीम रायपुर के अलावा, बिलासपुर, दुर्ग व बस्तर में जाकर निलंबित एडीजी के विवादित मामलों का पता लगाएगी और उनके खिलाफ साक्ष्य तलाश करेगी।




