धर्मान्तरण के मुद्दे पर बीजेपी कार्यकर्ता सैकड़ों की संख्या में पुरानी बस्ती थाने का घेराव करने पहुंचे
रायपुर। रविवार को राजधानी रायपुर के भाठागांव क्षेत्र में थाना पुरानी बस्ती अंतर्गत एक विशेष समुदाय के लोगों द्वारा धर्मपरिवर्तन की घटना हुई। जानकारी मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन पुरानी बस्ती थाने में किया गया। घटनास्थल पर ही धर्मगुरू द्वारा की गई टिप्पणी पर भड़कते हुए कार्यकर्ताओं ने मारपीट की। जिस पर उनपर गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। उक्त घटना को लेकर आज पूर्व विधायक एवं भाजपा के जिलाध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता पुरानी बस्ती थाने का घेराव करने पहुंचे। प्रदर्शनकारियों को बुढ़ेश्वर मंदिर के पास चारों ओर बेरीकेट्स लगाकर रोका गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों एवं पुलिस के बीच जमकर झुमाझटकी हुई। धर्मगुरू के खिलाफ धर्म परिवर्तन के मामले में कार्यवाही नहीं करने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने आने वाले दिनों में कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर उग्र प्रदर्शन करने की चेतावनी शासन को दी है।




