रायपुर के राजधानी अस्पताल अग्नीकांड मामले में एक और मौत,अब तक कुल 7 मरीजों की हो चुकी है मौत
रायपुर। राजधानी रायपुर की राजधानी अस्पताल में बीते शनिवार 19 अपै्रल को हुई आगजनी की घटना में झुलसे एक और मरीज की मौत हो गई। इसके साथ ही इस घटना में मरने वालों की संख्या 7 हो गई है। बताया गया कि घायल युवक को उपचार के लिए अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान मरीज की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार कोरोना संक्रमित होने के बाद बालोद जिले के कुंभकरन बंजारे को रायपुर के राजधानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में 19 अप्रैल को भीषण आग लगी, जिसमें मरीज कुंभकरन झुलस गया था। इसके बाद कुंभकरन को गंभीर हालत में मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, दूसरी ओर राजधानी अस्पताल में हुई अग्निकांड को लेकर जिला प्रशासन ने अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। प्रशासन ने अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी कर 28 बिंदुओं पर कल तक जवाब मांगा है।




