ऑनलाईन फ्राड : शाकाहारी थाली के फेर में डूबे 50 हजार
रायगढ़। वैभव डिओडिया निवासी विकासनगर ने ऑनलाइन शिकायत पोर्टल सीपीग्राम्स में उसके साथ तीन अज्ञात व्यक्तियों ने मोबाईल पर खाने का आर्डर लेकर 49,500 रूपये की धोखाधड़ी करने की शिकायत की है। शिकायत पत्र की जांच पर थाना कोतवाली में 24 मई को अज्ञात मोबाईल धारकों के विरुद्ध धारा 420 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। शिकायतकर्ता के आवेदन अनुसार इसके परिवारजन शोक कार्यक्रम में शामिल होने उत्तर प्रदेश गए हुए थे, जहां उन्हें भोजन उपलब्ध कराने के लिए वैभव डिकोडिया द्वारा घर पर नेट से उस जगह के रेस्टोरेंट को सर्च किया और सागरत्न नाम के लिंक पर जाकर उसमें दिये गये 3 मोबाईल नम्बरों पर बात की। मोबाईल धारक ने उसे एक वेज थाली का ₹200 शुल्क बताया। वैभव द्वारा अपने पेटीएम एप्स से खाने का ऑर्डर किया। जिसके बाद उसके खाते से ₹200 कटे उसके 2 मिनट के बाद ही उसके खाते से 49,500 रुपए और डेबिट होने का मैसेज आया, उसने तुरंत उसी नम्बर पर कॉल किया, जो अन्य दो नम्बरों से उसे बात कराये, पर उसके रूपये वापस नहीं किये गए। तब वैभव डिकोडिया ने इसकी शिकायत ऑनलाइन सीपीग्राम्स पोर्टल पर की। सीपीग्राम्स पोर्टल पर प्राप्त शिकायत पुलिस कार्यालय रायगढ़ के शिकायत सेल को प्राप्त हुई, थाना कोतवाली को जांच के लिए भेजा गया। थाना कोतवाली में तीन मोबाईल नम्बर के धारकों के विरुद्ध धारा 420 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
Read Also:-
क्या भारत में बंद हो जाएंगे फेसबुक और ट्विटर जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म? जानिए क्या है पूरा मामला




