शहर में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों में पुलिस की जांच-पड़ताल तेज, लॉकडाउन का सख्ती से पालन करा रही पुलिस
रायपुर। राजधानी में भले ही लॉकडाउन में मिली छूट के बाद चहल-पहल में कुछ वृद्धि देखी जा रही है। लेकिन बावजूद इसके शासन-प्रशासन की सख्ती बरकरार है। चौक-चौराहों में अभी भी पुलिस का कड़ा पहरा है। खासकर ऐसे मार्गों में जो शहर में प्रवेश और निकासी के मुख्य मार्ग हैं, पुलिस की सख्ती पहरेदारी के चलते प्रत्येक वाहनों की चेकिंग जारी है।
कुछ ऐसा ही नजारा आज संतोषी नगर चौराहा और टिकरापारा चौराहे के पास देखने को मिली। जहां पुलिस ने पूरा मार्ग अवरुद्ध कर वाहनों की तथा वाहन चालकों की संपूर्ण जांच उपरांत ही वाहनों को आगे बढऩे दिया। संतोषी नगर चौराहे में पुराना धमतरी रोड आकर मिलता है। राजिम, अभनपुर, धमतरी जैसे इलाकों से रायपुर शहर में प्रवेश करने के लिए यह एक मुख्य मार्ग के रूप में उपयोग होता आ रहा है। इसके अलावा अभनपुर और माना की ओर से भी शहर में प्रवेश होता है। चूंकि यह पुराना और सर्वाधिक उपयोग में आने वाला मार्ग है और रायपुर से सटे ग्रामीण इलाकों के हजारों नागरिक इस मार्ग का उपयोग करते हैं, लिहाजा इस चौराहे में आज पुलिस ने सख्ती बेरिकेटिंग कर प्रत्येक वाहन चालकों की जमकर चेकिंग की गई। यहां चौराहे पर सड़क के दोनों ओर बेरिकेट्स लगाकर वाहन चालकों से सड़क पर निकलने का कारण पूछा गया। उचित कारण बताए जाने पर ही वाहन चालकों को आगे बढऩे दिया गया। इसी तरह सिद्धार्थ चौक टिकरापारा में भी मार्ग अवरुद्ध कर वाहन चालकों से पूछताछ की गई। इधर माना की ओर से आने वाले वाहन चालकों को एमएमआई, पचपेढ़ीनाका चौक और सिद्धार्थ चौक में बेरिकेटिंग लगाकर पूछताछ की गई। कुल मिलाकर 20 अपै्रल के बाद जहां कई मामलों में आमजनों को छूट मिली है तो वहीं वर्तमान में जारी लॉकडाउन का भी सख्ती से पालन कराया जा रहा है।




