राजधानी रायपुर में बेवजह सड़कों पर घूमने वालों पर पुलिस हुई और सख्त, पढ़ें पूरी खबर
रायपुर | कोरोना संक्रमण के चलते छत्तीसगढ़ सहित पूरे प्रदेश में जारी लॉकडाउन के बाद भी कुछ लोगों की नादानी फिर से एक बड़ी मुसीबत का सबब बन सकता है। शहर में पिछले 2-3 दिनों से घर से बेवजह बाहर निकलने वालों की संख्या में इजाफा हुआ है। इसे देखते हुए अब जिला प्रशासन के साथ ही पुलिस भी सख्त हो गई है।
एक ओर छत्तीसगढ़ में कोरोना का संक्रमण का आंकड़ा धीरे-धीरे कम हो रहा है, एम्स में भर्ती संक्रमित मरीज स्वस्थ्य होकर अपने घर जा रहे हैं तो वहीं राजधानी रायपुर में लॉक डाउन का उल्लंघन कर सड़कों में बेवजह घूमने वालों के चलते कोरोना संक्रमण का खतरा और ज्यादा बढऩे लगा है। यह राहत की बात रही है कि राज्य सरकार ने कोरोना संक्रमण के मद्देनजर त्वरित कड़े कदम उठाए और सख्ती बरती। पूरे प्रदेश की सीमाओं के साथ ही राज्य के अंदर जिलों की सीमाओं को भी सील कर दिया गया। इसका असर यह हुआ कि पूरे देश में छत्तीसगढ़ में कोरोना पीडि़तों की संख्या काफी कम है। इसके अलावा यहां कोरोना संक्रमण को लेकर भारी सुरक्षा बरती जा रही है। यही वजह है कि छत्तीसगढ़ में कोरोना पीडि़तों की संख्या काफी कम है। राहत की बात यह भी है कि एम्स में कुशल चिकित्सकों की निगरानी में इन संक्रमित मरीजों का तत्काल उपचार शुरू किया गया और मरीज भी स्वस्थ्य होकर अपने घर जा रहे हैं। मगर लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के चलते संक्रमण का खतरा एक बार फिर से बढऩे लगा है। सड़कों में बेवजह घूमने वालों के चलते जहां पुलिस प्रशासन ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है तो वहीं जिला प्रशासन ने भी ऐसे लोगों के खिलाफ अब सख्त कार्यवाही का मन बना लिया है।




