पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू और गमछा बरामद किया, जाने कहां का है मामला
कवर्धा । कवर्धा पुलिस ने 4 दिनों पहले हुई अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने एक युवक और युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है, वे दोनों प्रेमी-प्रेमिका हैं, जिन्होंने 3 जनवरी को युवक गिरधर कौशिक की चाकू से गला रेतकर हत्या की थी। पुलिस के मुताबिक, मृतक का आरोपी युवक की बहन के साथ अफेयर था, जिससे वह नाराज था और अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर उसने युवक की हत्या कर दी। यह मामला लोहारा थाना क्षेत्र के अचानकपुर गांव का है। चार दिन पहले यहां गिरधर कौशिक नामक युवक की लाश मिली थी। पहले इसे हत्या का मामला माना गया, क्योंकि जिन परिस्थितियों में खून से लथपथ लाश मिली थी, उससे पुलिस को शुरुआती तौर पर ही जांच के लिए एक दिशा मिल गई थी। पुलिस के मुताबिक, जांच में पता चला कि मृतक गिरधर कौशिक का अनिल कौशिक की बहन के साथ अफेयर था। इस बात से नाखुश अनिल कौशिक ने अपनी प्रेमिका लक्ष्मी पाली के साथ मिलकर गिरधर कौशिक को खत्म कर देने का ठान लिया। दोनों ने मिलकर मर्डर की प्लानिंग की। 3 जनवरी को अनिल कौशिक और लक्ष्मी पाली ने गिरधर कौशिक का गला चाकू से रेतकर उसे मार डाला। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू और गमछा भी बरामद कर लिया है।




