क्वारंटाइन सेंटर जाने से किया मना, जिले में पहला अपराध दर्ज
मगरलोड। कोरोना के निरंतर फैलते संक्रमण से बचाव, नियंत्रण और रोकथाम के लिए प्रशासन के साथ मिलकर धमतरी पुलिस निरंतर प्रयासरत है। कोरोना वायरस के फैलते संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में संक्रमित व्यक्तियों को आइसोलेट करने के लिए सुविधा युक्त क्वारेंटाइन सेंटर बनाया गया है। जहां संक्रमित व्यक्तियों को निर्धारित समयावधि तक क्वारेंटाइन किया जा रहा है। मगरलोड ब्लाक के ग्राम पंचायत डाभा के सचिव दूज राम ध्रुव पिता स्व. छन्नू राम ध्रुव ने 13 अप्रैल को मगरलोड थाना में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई कि प्रशासन ने कोविड-19 संक्रमित व्यक्तियों के लिए प्राथमिक शाला डाभा को क्वॉरेंटाइन सेंटर बनाया गया है। ग्राम डाभा के निवासी मोहनलाल गायकवाड़ पिता बाबूलाल गायकवाड, दानेश्वर गायकवाड पिता सखाराम गायकवाड, नीलम बाई सतनामी पति दानेश्वर सतनामी और ठम्मन लाल साहू पिता मानसिंग साहू की कोरोना परीक्षण रिपोर्ट पॉजिटिव आने से प्राथमिक शाला डाभा में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में जाने के लिए समझाइश दी गई। किंतु उक्त व्यक्तियों ने कोरोना वायरस को संक्रमणकारी होना जानते हुए जानबूझकर संक्रमण फैलाव के आशय से बार-बार समझाइश देने के बाद भी क्वॉरेंटाइन सेंटर जाने के लिए तैयार नहीं हुए। इस संबंध में टीआई प्रणाली वैद्य ने उक्त व्यक्तियों खिलाफ धारा 269, 270, 34 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया।




