रायपुर हुआ ऑरेंज जोन : सप्ताह के पांच दिन दुकान खुली रखने की मांग, जाने क्या है पूरी खबर
रायपुर | राजधानी रायपुर के रेड जोन से बाहर होकर ऑरेंज जोन में आने के बाद अब जिला प्रशासन ने शहरवासियों को और छूट देने का मन बना लिया है। इसके तहत अब सभी तरह के व्यापारिक गतिविधियों को अनुमति दी जा सकती है। इसके अलावा शाम को दुकानों के बंद होने के समय में भी छूट देने की तैयारी की जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि अब तक शहर के बाजारों में दुकानों के खुलने और बंद होने का नियम बड़ा अटपटा बना हुआ है। शहर में जब सड़क के एक ओर की दुकानें खुलती हैं तो वहीं दूसरी ओर की दुकानें बंद रहती है। वहीं दूसरी ओर की दुकानें खुलने पर एक तरफ की दुकानें बंद रखने का निर्देश दिया गया है। ऐसे में शहर के व्यापारी भी बेहाल हो गए हैं। इसीलिए अब जिला प्रशासन की मंशा है कि इस तरह के नियमों को अब शिथिल किया जाए और सभी तरह की दुकानों को खोला जाए। बताया जाता है कि इसके लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। अभी शहर में शाम 5 बजे तक सभी दुकानों को बंद करा दिया जाता है, बताया जाता है कि यह समय बढ़कर शाम 7 बजे तक होगा और सभी तरह की दुकानें खुल जाएंगी। वहीं राजधानी रायपुर सहित प्रदेश भर में शाम 7 बजे से सुबह 7 बजे तक कफ्र्यू का आदेश यथावत रखा गया है।
इसके अलावा अभी तक जिन दुकानों को सप्ताह में केवल दो से तीन दिन खुलने की अनुमति दी गई है, उसे अब सप्ताह में 5 दिन दुकान खुली रखने का आदेश दिया जा सकता है। यदि राज्य सरकार इस प्रस्ताव पर सहमति देती है तो बाजार हर दिन यानी सोम से शुक्रवार तक खुले रह सकते हैं। केवल दो दिनों तक कारोबार खुलने की वजह से सभी व्यापारिक संगठनों ने प्रशासन पर जबर्दस्त दबाव बनाया था। कारोबारियों का कहना है कि दो दिन दुकान खोलकर महीनेभर का खर्चा नहीं निकाला जा सकता है। इसलिए दुकानें पांच दिनों तक खुलने की अनुमति देनी चाहिए। इसके बाद ही अफसरों ने नया प्रस्ताव तैयार किया।




