RAIPUR BREAKING: इमरजेंसी में बात करनी है कहकर लोगो से मांगते थे मोबाइल, मिलते ही हो जाते थे फरार
राजधानी रायपुर से लूट-पाट का मामला सामने आया है, तेलीबांधा थाना पुलिस ने 19-20 साल के दो लड़कों को मोबाइल चोरी और लूट के आरोप में पकड़ा है। भाठागांव की बीएसयूपी कॉलोनी निवासी दोनों लड़के मोटरसाइकिल से शहर में घूम-घूमकर वारदात को कई महीनों से अंजाम दे रहे थे। चोरी की 9 कीमती मोबाइलों के लिए ग्राहक की तलाश में दोनों पुलिस के रडार पर आ गए और पकड़े गए।
अधिकारियों ने बताया, बीएसयूपी कॉलोनी, भाठागांव निवासी बबलू सोनी (19) और शुभम सोनी (20) को घेराबंदी कर पकड़ा गया है। तलाशी लेने पर उनके पास कुल 9 नग कीमती मोबाईल फोन मिला। दोनों से मोबाईल फोन के बिल और अन्य दस्तावेज मांगे गए तो दोनों देर तक गुमराह करते रहे। कड़ाई से पूछताछ करने पर बबलू सोनी एवं शुभम सोनी ने मोबाइल चोरी और लूट का होना बताया। आरोपियों द्वारा रायपुर शहर के अलग - अलग क्षेत्रों में मोटरसाइकिल से घूम-घूमकर मोबाईल फोन को चोरी एवं लूट करना बताया गया। दोनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के कुल 9 मोबाईल फोन एवं घटना में प्रयुक्त एक बजाज पल्सर मोटर साइकिल को जप्त किया गया है।
अधिकारियों ने बताया, जो मोबाइल पकड़े गए हैं, उसमें से एक की लूट की रिपोर्ट तेलीबांधा थाने में दर्ज है। जुलाई में तेलीबांधा थाने में हर्ष यादव नाम के एक व्यक्ति ने FIR कराई थी। उसके मुताबिक 12 जुलाई को तेलीबांधा क्षेत्र में कैनाल रोड पर दो लड़कों ने उनका फोन मांगा। उन्होंने इमरजेंसी बताकर कहा कि बात करना बहुत जरूरी है। उन्होंने फोन दिया तो दोनों फोन लेकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पुलिस अब दूसरे मोबाइल फोन के बारे में भी जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है।
मुखबीरों से पुलिस तक पहुंची चोरों की सूचना
बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि श्याम नगर में मोटर साइकिल सवार दो लड़के अपने पास कई कीमती मोबाईल फोन रखें है। वे सस्ते दाम में मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। एसपी प्रशांत अग्रवाल ने इस सूचना के बाद एएसपी सिटी तारकेश्वर पटेल, एएसपी क्राइम अभिषेक माहेश्वरी, सीएसपी नसर सिद्धकी को चोरों को रंगे हाथ पकड़ने की जिम्मेदारी दी।
पुलिस ने बिछाया जाल और धर दबोचा
तेलीबांधा थाना प्रभारी सोनल ग्वाला के नेतृत्व में पुलिस ने श्याम नगर में जाल बिछाया। मुखबीर की मदद से मोटरसाइकिल सवार उन लड़कों को चिन्हित किया गया। उसके बाद पुलिस उनके पास पहुंची और रोका। नाम-पता पूछ रहे थे इसी बीच दोनों लड़के खतरा भांपकर भाग निकले। आसपास पहले से चौकन्ना सिपाहियों ने दोनों को दबोच लिया।




