रायपुर महापौर ने देखा खारुन नदी का हाल , तत्काल सफाई के दिए निर्देश
रायपुर। महापौर एजाज ढेबर ने नगर निगम स्वास्थ्य विभाग के अध्यक्ष नागभूषण राव, संस्कृति विभाग के अध्यक्ष आकाश तिवारी के साथ महादेवघाट पहुंचकर नाव से खारून नदी का एनिकेट की ओर एवं चारों ओर से निरीक्षण करते हुए गोवर्धन नाला क्षेत्र से खारून नदी में जा रहे गन्दे पानी के झाग को प्रत्यक्ष देखा।
इस दौरान महापौर ढेबर ने नाव से नदी का निरीक्षण करते हुए नगर निगम के जोन क्रमांक 8 के जोन कमिश्नर अरुण ध्रुव को मोबाइल पर तत्काल जोन 8 में विशेष सफाई गैंग को खारून नदी में भेजकर सफाई करवाने , नदी से झाग को पूरी तरह से हटाया जाने के लिए निर्देशित किया।
महापौर ढेबर ने नगर निगम जल विभाग के अधिकारियों को सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का शेष बचा हुआ लगभग 10 प्रतिशत कार्य पहली प्राथमिकता बनाकर सतत मॉनिटरिंग करके पूर्ण करने निर्देशित किया है ।
जल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अब तक लगभग 90 प्रतिशत निर्माण एवं विकास कार्य सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में पूर्ण किया जा चुका है, शेष बचे हुए कार्यों को शीघ्रता से गुणवत्तायुक्त तरीके से पूर्ण करने के निर्देश है। ताकि वर्तमान में खारून नदी में जा रहे 17 नालों के गन्दे पानी की पुरानी समस्या से शीघ्र ही राजधानीवासियों को स्थाई रूप से निजात दिलाया जा सके।




