रायपुर: घूम-घूमकर मोबाइल चोरी करने वाले 2 गिरफ्तार, 23 फोन बरामद
रायपुर। राजधानी पुलिस ने शहर में घूम घूम कर मोबाइल चोरी करने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों अब तक शहर के अलग-अलग स्थानों से कई फोन पार कर चुके थे। चोरी की मोबाइल को पश्चिम बंगाल में खपाते थे।
दरअसल राजधानी पुलिस को मोबाईल फोन को चोरी और लूट कर फरार हो जाने की शिकायतें प्राप्त हो रही थी। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सायबर सेल और थाना मौदहापारा की संयुक्त टीम प्रार्थियों से संपर्क कर उनसे घटना, अज्ञात आरोपियों के हुलियों और उपयोग किये जाने वाहन के संबंध में विस्तृत पूछताछ की। इसी दौरान मुखबीर ने घटना में संलिप्त एक आरोपी की पहचान उजागर करते हुए आरोपी की पहचान रामनगर गुढ़ियारी रायपुर निवासी प्रिंस बागड़े उर्फ पप्पी के रूप में की। टीम ने प्रिंस बागड़े की पतासाजी कर उसे पकड़ा और घटनाओं के संबंध में कड़ाई से पूछताछ की। आरोपी प्रिंस बागड़े ने अपने साथी शंकर सिंह ठाकुर उर्फ पन्ना निवासी कर्मा चौक रामनगर गुढ़ियारी रायपुर के साथ मिलकर रायपुर की शराब दुकान के आसपास, भीड़-भाड़ वाले स्थान सहित आउटर के क्षेत्रों में दोपहिया वाहनों में घुम-घुम कर मोबाईल फोन को चोरी/लूट करना स्वीकार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका संपर्क पश्चिम बंगाल के एक व्यक्ति से है जो रायपुर में कैटरिंग का काम करता था। दोनों आरोपी जितने भी मोबाईल फोन चोरी/लूटते थे, वे सभी मोबाईल फोन को एकत्र कर एक साथ पश्चिम बंगाल निवासी व्यक्ति को बेच देते थे, और वह व्यक्ति सभी मोबाईल फोन को वहां खपा देता था। आरोपियों ने इस बार भी 23 मोबाईल फोन एकत्र किए थे। लेकिन फोन बेचने के पहले ही पुलिस टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर उनके कब्जे से चोरी/लूट के 23 मोबाईल फोन और घटना में प्रयुक्त 1 बिना नंबर एक्टिवा वाहन जुमला कीमती लगभग 4,73,000/- रूपए जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध थाना मौदहापारा में अग्रिम कार्रवाई की गई।




