रायपुर: सीएचएमओ कार्यालय के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों का हुआ एंटीजन टेस्ट
रायपुर। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रायपुर डॉ. मीरा बघेल के निर्देशन में आज उनके कार्यालय में पदस्थ सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का एंटीजन टेस्ट किया गया। कोविड एंटीजन जॉच स्वास्थ्य विभाग कालीबाड़ी की टीम के द्वारा किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि हाल ही में हुए महत्तवपूर्ण त्यौहार जैसे दीपावली, छट पूजा एवं मार्केट की भीड़ तथा कार्यालयीन कर्मचारियों में किसी प्रकार कोविड न फैले इस दृष्टि से एंटीजन टेस्ट किया गया। उन्होंने बताया कि जिले के सभी विकासखंड एवं शहरी क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में कार्यरत स्टाफ की टेस्टिंग के लिए कहा गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में कुल 40 लोगों की एंटीजन जांच की गई जिसमें सभी की रिपोर्ट नेगेटिव प्राप्त हुई।




