रायपुर: महाशिवरात्रि पर शिवालयों में होंगे विविध आयोजन 11 को
रायपुर। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी फाल्गुन कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि पर भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती का विवाह समारोह महाशिवरात्रि के रूप में 11मार्च को धूमधाम से मनाया जाएगा। महाशिवरात्रि के अवसर पर शहर के विभिन्न देवालयों यथा शिव मंदिर राजीव नगर, पारस नगर, कृषि उपज मंडी, शंकर नगर, अवंति विहार रोड, बूढेश्वर मंदिर, शिवमंदिर रामसागर पारा, केलकर पारा, गुढिय़ारी, ब्राम्हणपारा, पुरानी बस्ती, कुशालपुर, स्टेशन रोड, नर्मदा पारा, समता कालोनी, रोहिणीपुरम, नीलकंठेश्वर मंदिर टिकरापारा, रांवाभाठा, रायपुरा सहित पूरे शहर में सुबह 6 बजे से मंदिरों में भक्तों द्वारा कोरोना गाइड लाइन के अनुसार पंक्तीबद्ध सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए महादेव के दर्शन कर विधिवत पूजा अर्चना की जाएगी।
गौरतलब है कि इस वर्ष महाशिवरात्रि 11 मार्च को पढ़ रही है। 11 मार्च का पौराणिक महत्व है। क्योंकि शिव का 11वां रूद्राअवतार हनुमान जी के रूप में हुआ था इस कारण इस वर्ष महाशिवरात्रि का विशेष महत्व है। समता कालोनी निवासी पंडित विनीत शर्मा के अनुसार इस वर्ष महाशिवरात्रि पर कुंभ राशि के जातकों के लिए सर्वार्थ सिद्ध योग बन रहा है जो जातक को विधिवत पूजा करने पर अक्षय सुखों की प्राप्ति कराएगा। गुरुवार को महाशिवरात्रि का संयोग होने के कारण पंडित शर्मा ने भक्तों से शहद दही, दूध के अलावा गन्ने के रस से भी शिव का अभिषेक करने का आग्रह किया है।




