रंजीत रंजन और राजीव शुक्ला निर्विरोध चुने गए,विधानसभा सचिव ने दिया सर्टिफिकेट
छत्तीसगढ़ के नए राज्यसभा सदस्य अब चुन लिए गए हैं। बिना किसी विरोध के रंजीत रंजन और राजीव शुक्ला को सांसद के तौर पर चुन लिया गया। छत्तीसगढ़ विधानसभा के सचिव दिनेश शर्मा ने दोनों के सर्टिफिकेट दिए। रंजीत रायपुर पहुंची हुई थीं, मगर सर्टिफिकेट लेने राजीव शुक्ला नहीं आए, उन्होंने अपने भाई को भेजा था।
दरअसल छत्तीसगढ़ से दो सांसदों रामविचार नेताम एवं छाया वर्मा का कार्यकाल 29 जून को समाप्त हो जाएगा। इसके बाद ये नए सदस्य चुने गए हैं। दोनों को टिकट दिए जाने को लेकर प्रदेश में स्थानीय नेताओं के अपमान का आरोप बीजेपी लगाती रही। मगर अब राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सदस्य बन चुके हैं।
कांग्रेस के अब 4 राज्यसभा सांसद
कांग्रेस के दो नेता केटीएस तुलसी और फूलोदेवी नेताम राज्यसभा में पहले से ही हैं। यहां विधानसभा में कुल 90 सदस्य हैं। इनमें से कांग्रेस के 71, भाजपा के 14, जोगी कांग्रेस के 3 और बसपा के 2 विधायक हैं। विधानसभा में सीटों के हिसाब से राजीव और रंजीत का चुना जाना भी तय ही माना जा रहा था जो कि हुआ भी। अब छत्तीसगढ़ से कांग्रेस के 4 राज्यसभा सांसद हो गए। भाजपा से केवल सरोज पांडेय ही राज्यसभा में हैं।




