राजधानी में रिमझिम फुहारों ने दिलाई उमस से राहत, राज्य में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के आसार
रायपुर | राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई इलाकों में कल शाम से ही हल्की से मध्यम बारिश हो रही है, वहीं आज प्रदेश के कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश के आसार बने हुए हैं।
पढ़ें : मालगाड़ी के आगे कूदा प्रेमी जोड़ा, प्रेमिका की मौत, प्रेमी गम्भीर
मौसम विभाग के नियमित रिपोर्ट की माने तो वर्तमान में एक निम्र दबाव का क्षेत्र उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी, गंगेटिव पश्चिम बंगाल और तटीय ओडिशा के ऊपर बना हुआ है। इसके अलावा एक चक्रीय चक्रवाती घेरा 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है। इसके प्रभाव से आज प्रदेश के दक्षिणी भाग में भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है।
इसके अलावा प्रदेश के उत्तरी भाग के अधिकांश स्थानो पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। राज्य में कल 10 अगस्त को अधिकांश हिस्सों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने या गरज-चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। राज्य के मध्य और दक्षिण भाग में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की भी प्रबल संभावना बनी हुई है।
इधर राजधानी में कल शाम से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है। शाम को जहां तेज ठंडी हवाएं चलती रहीं तो वहीं रात में अचानक बारिश शुरू हो गई। आज तड़के भी शहर में हल्की बारिश रिकार्ड की गई। सुबह करीब 11 बजे के आसपास एक बार फिर से बारिश ने जोर पकड़ा और इसके बाद करीब एक घंटे तक हल्की बारिश होती रही। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो आज बस्तर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।




