दिन में छाया अंधेरा : राजधानी में झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहावना
रायपुर | राजधानी रायपुर में आज अचानक मौसम का मिजाज बदला। आसमान में छाए बादल इतने घने हुए कि सुबह 11 बजे ही अंधेरा छा गया। इसके बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई जो रूक-रूककर जारी रही।
अरब सागर में उठे चक्रवाती तूफान निसर्ग का राज्य के मौसम पर भी आंशिक असर शुरू हो गया है। मौसम विभाग की माने तो इस तूफान का असर आज से तीन दिनों तक याने 05 जून तक रहने की संभावना है। इधर आज सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदला। आसमान में छाए बादल देखते ही देखते इतने अधिक घने हुए कि सुबह 11 बजे ही अंधेरा छा गया। आलम यह रहा कि सड़कों पर चल रहे वाहनों की हेडलाईट तक जलानी पड़ गर्ई। थोड़ी ही देर में भयंकर गर्जना के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब 15 मिनट तक लगातार हुई झमाझम बारिश से शहर तरबतर हो गया। इसके बाद 1-2 मिनट के लिए बारिश रूकी, लेकिन इसके बाद फिर से आसमान घने होते गए और फिर से झमाझम बारिश की शुरूआत हो गई जो दोपहर तक रूक-रूककर जारी रही। शहर में अचानक हुई बारिश से गर्मी और उमस से बेहाल लोगों ने राहत की सांस ली है। इधर शहर के कई निचले इलाकों में एक बार फिर से जलभराव की शिकायत भी सामने आई है। दक्षिण पश्चिम मानसून केरल में 01 जून को ही पहुंच गया था। चक्रवाती तूफान निसर्ग के चलते अब इसकी रफ्तार बढ़ेगी और यह देश के अन्य राज्यों में भी तेजी से पहुंचेगा। मौसम विभाग ने भी 15 जून तक मानसून के प्रदेश में दस्तक देने का पूर्वानुमान जारी कर दिया है। इसके सप्ताह भर पूर्व से प्री-मानसून की बारिश शुरू होने का भी अनुमान जताया है। वर्तमान में हो रही बारिश इस बात का भी संकेत माना जा रहा है कि इस बार दक्षिण पश्चिम मानसून राज्य के साथ ही देशभर में मेहरबान होगा और अच्छी बारिश होगी।




