शर्मनाक : नाबालिग ने जिसे चाचा माना , उसी ने किया दुष्कर्म , जाने पूरा मामला
रायपुर : शहर में एक नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आमानाका इलाके की रहवासी एक नाबालिग बच्ची को उसके कथित चाचा बच्ची को बहला-फुसलाकर भगा ले गया था । डर और शर्म के मारे वह घर नहीं लौट रही थी। घरवालों ने उसे मंगलवार रात दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम के पास बदहवास हालत में पाया। मामला सरस्वती नगर थाने का है।
सरस्वती नगर थाना पहुंचे एक पड़ोसी ने बताय कि यह रविवार कि बात है । बच्ची नाबालिग है और 9वीं कक्षा में पढ़ती है। उसके पड़ोस में ही रहने वाला युवक उसे कहीं ले गया था। वह बक्सा वगैरह बनाने का काम करता है। लड़की उसे चाचा कहती है। पुलिस में रिपोर्ट लिखाई गई थी लेकिन पुलिस ने लड़की को खोजने की कोई कोशिश नहीं की। लड़की के घरवाले और हम लोग हर तरफ खोजते रहे। मंगलवार देर शाम किसी ने लड़की के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम के पास होने की जानकारी दी। घरवाले वहां पहुंचे तो वह बदहवास हालत में मिली।
वह परिजनों के डर और शर्म की वजह से घर नहीं आ रही थी। बिना खाये-पीये वह भटक रही थी। घरवालों के पूछने पर उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। उसके बाद सभी लोग सरस्वती नगर थाने पहुंचे और दुष्कर्म की शिकायत कर कारवाई की मांग की है।
पुलिस ने कहा-घर से भागने का मामला
सरस्वती नगर थाना प्रभारी अमित तिवारी ने बताया, यह घर से भागने का मामला है। तीन दिन पहले रिपोर्ट दर्ज हुई थी। आज लड़का-लड़की दोनों मिल गये हैं। उन्हें थाने लाया गया है। दोनों का बयान लिया जा रहा है। बयान और मेडिकल के आधार पर अगर दुष्कर्म की बात सामने आती है तो धाराएं बढ़ाई जाएंगी।




