सोनिया गांधी के राजनीति से सन्यास पर इसने कही ये बड़ी बात....
रायपुर, कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के महाधिवेशन में दिए भाषण के बाद उनके राजनीति से संन्यास लेने की अटकलें शुरू हो गई थीं. अब सोनिया गांधी की ओर से इन अटकलों को खारिज किया गया है. कांग्रेस प्रवक्ता अलका लांबा ने रविवार 26 फरवरी को सोनिया गांधी के हवाले से कहा कि वह कभी रिटायर नहीं हुईं और न ही आगे कभी होने वाली हैं.
पार्टी के अधिवेशन के समापन पर अलका लांबा ने कहा कि मीडिया को मैम के भाषण की गलत व्याख्या करना बंद करना चाहिए. मैंने उन्हें इन खबरों के बारे में बताया तो उन्होंने हंसते हुए कहा कि मैं कभी रिटायर नहीं हुई और न ही आगे होने वाली हूं. लांबा ने मीडिया से भी सोनिया गांधी के भाषण से इस तरह के अर्थ नहीं निकालने का आग्रह किया. इससे पहले कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा ने कहा था कि सोनिया गांधी का मतलब अध्यक्ष के रूप में उनकी पारी पूरी होने से था. उन्होंने राजनीति से सन्यास नहीं लिया.
क्या कहा था सोनिया गांधी ने?
कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी ने पार्टी प्रमुख के रूप में अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए शनिवार को रायपुर में पार्टी के 85वें महाधिवेशन में कहा था कि सबसे बड़ी खुशी है कि भारत जोड़ो यात्रा के साथ उनकी पारी का अंत हो सका. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में उनके बयान को राजनीति से संन्यास के रूप में पेश किया गया. जिसका कांग्रेस ने भी खंडन किया है.




