सास को घायल कर दामाद फरार, जुर्म दर्ज
महासमुंद। दामाद का अपनी सास के साथ विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दामाद ने गुस्से में आकर सास को डंडे से पीटकर घायल कर फरार हो गया। मामला बसना थाना क्षेत्र का है। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी दामाद के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है।
पुलिस को ग्राम अरेकेलडिपा निवासी भागीरथी यादव पिता तिरथो यादव ने बताया कि 11 अगस्त को मेरे साढू हेमंत बंछोर ने फोन कर सास के साथ घर आने के लिए कहा। इसके बाद मैं अपनी सास को लेकर हेमंत बंछोर के घर ग्राम जोगीदादर गया। इसके बाद जोगीदादर से मैं, मेरी सास एवं साढ़ू तीनों चारभांठा गये थे। शाम करीब 4 बजे चारभांठा से खाना खाकर हम तीनों बाइक में बैठकर जोगीदादर वापस आ रहे थे। इसी बीच ग्राम दलदली चनाट बीच रोड के पास पारिवारिक विवाद को लेकर मेरी सास एवं साढ़ू हेमंत बंछोर गाड़ी में ही बैठे-बैठे बहस करने लगे। मैनें मोटर साइकिल रोककर हेमंत बंछोर को समझाया तभी सास के साथ साढ़ू हेमंत गालियां देते हुए मारपीट करने लगा। बाद हेमंत ने सेनहा पेड़ की डंगाल को तोड़कर मेरी सास के सिर पर मार दिया, बाद हेमंत भाग गया। पुलिस ने आरोपी हेमंत बंछोर (35) के खिलाफ भादवि की धारा 294, 323 के तहत मामला पंजीबद्ध करते हुए विवेचना में लिया है।




