प्रदेश सरकार कोरोना काल में किसानों के प्रति संवेदनशील हो, बकाया राशि टुकड़ों में भुगतान न कर एक मुश्त करें - साय
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक में खऱीफ़ सत्र 2020-21 में खरीदे गए धान मूल्य की अंतर राशि के राजीव किसान न्याय योजना के नाम पर चार कि़श्तों में भुगतान का निर्णय लिए जाने पर कड़ा ऐतराज़ जताया है। साय ने सवाल किया कि आखिऱ छत्तीसगढ़ के किसानों को कब तक जयंती-पुण्यतिथि का इंतज़ार करना पड़ेगा? प्रदेश सरकार इस भयावह कोरोना काल में ऐसा फ़ैसला करके किसानों के साथ घोर अन्याय कर रही है। किसानों को उनके अपने ही पैसों का कि़श्तों में भुगतान करके सरकार किसानों के परिश्रम व स्वाभिमान का मख़ौल उड़ा रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष साय ने कहा कि प्रदेश सरकार को कम-से-कम कोरोना काल में 'किसानों के प्रति संवेदनशील होकर उनके परिश्रम की पूरी राशि का वक़्त की नज़ाक़त का ख़्याल करते हुए एकमुश्त भुगतान करना चाहिए। साय ने कहा कि जन्मदिन-पुण्यतिथि के बहाने किसानों को उनके अपने ही पैसों का टुकड़ा-टुकड़ा भुगतान करके प्रदेश सरकार किसानों पर अहसान जता रही है। उन्होंने कहा कि किसानों का इससे बड़ा कोई अपमान नहीं हो सकता।




