कटघोरा शहर में घर से बाहर निकलने पर होगी कड़ी कार्यवाही
कोरबा। कोरोना वायरस के सक्रमण की रोकथाम एवं नियंत्रण हेतु नगर पालिक परिषद कटघोरा क्षेत्रातंर्गत सभी 15 वार्डों में पूर्णत: लॅाक डाउन लागू कर दिया गया है। किसी भी परिस्थिति में किसी भी व्यक्ति को घरों से बाहर निकलने की मनाही है। पुलिस अधीक्षक ने लॅाक डाउन का उल्लंघन कर घरों से बाहर निकलने वाले लोगों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करने के निर्देष पुलिस अधिकारियों को दिये हैं। पूरे इलाके को सेनेटाईज करने के लिए नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा छोटे टेंकरनुमा फायर ब्रिगेड वाहन से सभी घरों और बाहर के रास्ते को दवा छिड़ककर सेनेटाईज किया जा रहा है।
अधिकारिक जानकारी के अनुसार कटघोरा पुरानी बस्ती के जामा मस्जिद इलाके में एक साथ सात नये कोरोना संक्रमित मिल जाने से पूरा प्रशासन हाई अलर्ट पर आ गया है। इसके साथ ही इन सभी संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों की पहचान भी शुरू कर दी गई है। पूरे कटघोरा शहर की पूर्णत: तालाबंदी कर दी गई है। शहर के अंदर जाने वाले और शहर से बाहर आने वाले सभी रास्ते बंद कर दिये गये हैं। शहर में अति आवश्यक सेवाओं की दुकानें भी पूरी तरह से बंद कर दी गई है। कलेक्टर किरण कौशल ने वर्तमान परिस्थितियों में कटघोरा वासियों से संयम बरतने और अपने घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। कौशल ने कहा है कि कटघोरा में कुछ ज्यादा लोगों के कोरोना संक्रमित हो जाने से परिस्थितियां कठिन हो गई है परंतु प्रशासन ने इनसे निपटने की पूरी तैयारी पहले ही कर ली है। कलेक्टर ने लोगों से लॅाक डाउन का पूरी तरह पालन करने की अपील की है।
इधर पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीणा ने कटघोरा क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए पूरे शहर में पूर्णत: लाक डाउन की स्थिति रखने के निर्देश पुलिस के अधिकारियों को दिये हैं। उन्होंने शहरवासियों को किसी भी परिस्थिति में अपने घर से नहीं निकलने की हिदायत दी है। मीणा ने लॅाक डाउन का उल्लंघन कर घरों से बाहर निकलने वाले लोगों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश पुलिस के अधिकारियों को दिये हैं। मीणा ने शहर के सभी चारों जोनों में लगातार गश्त करने के निर्देश अधिकारियों को दिये हैं।




