छात्र की कोटा में हत्या, मुख्यमंत्री ने जताया शोक…
बिलासपुर : बिलासपुर की छात्रा की राजस्थान कोटा में हत्या की घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार छात्रा का शव कोटा के जंगल में मिला है। यह छात्रा पिछले दो दिन से लापता थी। इस खबर के सामने आने के बाद परिजनों के बीच मातम छा गया है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छात्रा की हत्या पर गहरा दुःख जताया है। मुख्यमंत्री ने बिलासपुर आईजी को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए राजस्थान पुलिस से समन्वय करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मृत छात्रा के परिवारजनों के प्रति संवेदना जताते हुए छात्रा के परिजनों को हर संभव सहयोग के निर्देश भी दिए हैं।
छात्रा की हत्या के मामले में बिलासपुर रेंज आईजी रतनलाल डांगी ने मुख्यमंत्री बघेल के निर्देश के बाद कोटा के एसपी से बात की है। आरोपी के गिरफ्तारी के संबंध में चर्चा की जिसके बाद कोटा पुलिस ने आरोपी युवक को गुजरात से गिरफ्तार कर लिया है और आरोपी को कोटा लाने की तैयारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि छात्रा मात्र डेढ़ माह पहले ही मेडिकल एंट्रेंस की पढ़ाई के लिए कोटा गई थी। और एक हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। मृतक छात्रा यदुनंदन नगर की रहने वाली है। छात्रा के परिजन खेती किसानी करके छात्रा को पढ़ा रहे थे, लेकिन इस घटना ने उन्हे गहरे सदमे में ला दिया है।




