बहुचर्चित रिश्वत कांड मामले में उपनिरीक्षक लाईन अटैच
रायगढ़ । सारंगढ़ के बहुचर्चित रिश्वत कांड की सच्चाई जो भी हो लेकिन मामले की गम्भीरता को देखते हुए रायगढ़ के संवेदनशील एसपी संतोष सिंह ने मंगलवार को ही त्वरित कार्यवाही करते हुए उपनिरीक्षक के.के पटेल को लाईन अटैच का आदेश जारी कर दिया है। आदेश पत्र में एसपी ने लिखा है कि मंगलवार को डॉ.खगेश्वर प्रसाद वारे के थाना प्रभारी कमल किशोर पटेल सारंगढ़ को संबोधित एक शिकायत पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें तहसीलदार, सुनील अग्रवाल बीएमओ आरएल सिदार एवं थाना सारंगढ़ के उप निरीक्षक कमल किशोर पटेल को डरा धमकाकर पैसा लेने संबंधी तथ्य उल्लेखित है।
अतः एवं उपरोक्तानुसार शिकायत की जांच किये जाने के लिए गरिमा द्विवेदी उप पुलिस अधीक्षक आई.यू.सी.ए.डब्ल्यू. जिला रायगढ़ को आदेशित किया जाता है, जो यथाशीघ्र जांच कार्यवाही पूर्ण करते हुए समस्त सुसंगत दस्तावेजों के इस कार्यालय को उपलब्ध करायेंगे। उक्त अवधि में उप निरीक्षक कमल किशोर पटेल थाना सारंगढ़ को रक्षित केन्द्र रायगढ़ सम्बद्ध किया जाता है। यह बताना भी लाजमी है कि जब कमल किशोर पटेल भूपदेवपुर थाने में पदस्थ थे तब भी वहां के लोग इनसे परेशान थे, लेकिन प्रदेश के मंत्री का सिर पर हाथ होने का रौब बखूबी काम आया। इसलिए कोई भी शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा पाता था। हालांकि वास्तव में मंत्री का हाथ है या यह महज रौब दिखाने का फार्मूला है, कहा नहीं जा सकता।




