अवैध प्लाटिंग करने वालों पर करें कड़ी कार्रवाई- कलेक्टर
अम्बिकापुर। कलेक्टर संजीव कुमार झा ने आज यहां कलेक्टोरेट सभा कक्ष में आयोजित समय सीमा की बैठक में विभागीय योजनाओं तथा जिले में संचालित निर्माण कार्यो की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने शहरी क्षेत्रों में अवैध प्लाटिंग को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि अवैध प्लाटिंग बिल्कुल न होने दे।अवैध प्लाटिंग करने वाला कोई भी हो उस पर कड़ी कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि उन कॉलोनाइजरों को ही प्लाटिंग की अनुमति दें जो नियमानुसार कॉलोनी विकसित करने का कार्य करते हैं।
कलेक्टर ने कहा कि अवैध प्लाटिंग एवं अतिक्रमण करने वालो पर अभियान चलाकर कार्रवाई करें। नगर निगम अंतर्गत क्षेत्र में ज्यादा ध्यान केंद्रित करें। उन्होंने गोधन न्याय योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि गोठान में निर्मित वर्मी कम्पोस्ट खाद की बिक्री बड़े किसानों को करने के लिए कृषि एवं उद्यान विभाग वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी के माध्यम से सूची तैयार करें। गोठान ग्राम के किसानों को प्राथमिकता दें।उन्होनें गोधन न्याय योजना के तहत पशुपालकों को गोबर बिक्री की राशि बैंक खाते में जमा नहीं होने के संबंध में उदयपुर एवं लखनपुर के जनपद सीईओ को गोधन एप्प में बैंक का सही आईएफएससी कोड प्रविष्ट करने के निर्देश दिए |बैठक में जिला पंचायत के सीईओ विनय कुमार लंगेह, डीएफओ पंकज कमल, अपर कलेक्टर द्धय एएल ध्रुव, सन्तन देवी जांगडे़, एसडीएम, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।




