राजधानी में डेंगू का आतंक, प्रकोप रोकने निगम ज़ोन-2 मुस्तैद
रायपुर: राजधानी में कोरोना के बाद अब डेंगू का आतंक बढ़ता जा रहा है। इस प्रकोप को बढ़ने से रोकने के लिए नगर पालिक निगम ज़ोन क्रमांक 2 के अध्यक्ष हरदीप सिंह बंटी होरा ने ज़ोन के अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक ली। होरा ने बैठक में डेंगू के प्रकोप से जोन के सातों वार्डो को बचाने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
होरा ने बताया, बुधवार से ज़ोन के सातों वार्डो में विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसमें ज़ोन गैंग के सफाई कर्मचारी पूरे वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाएंगे। इसके साथ अब रोजाना जोन के सभी वार्डों में एन्टी लार्वा का छिड़काव किया जाएगा, साथ में फॉगिंग भी रोजाना की जाएगी।
जोन के महिला कर्मचारी घर घर जाकर डेंगू से बचने के उपाय बताते हुये जागरूकता अभियान चलायेंगे। होरा ने जलभराव की स्थिति ना बनने की बात कहते हुये जनता को कूलर और ऐसी जगह जहाँ डेंगू का खतरा है, उसे अच्छे से साफ करने की अपील जनता से की है। बैठक में डेंगू के ख़िलाफ़ मुस्तैदी से ज़ोन कर्मचारियों को कार्य करने के दिशा निर्देश दिये है।
बैठक में सुरेश चन्नावार, सुंदर जोगी, अनवर हुसैन, तिलक पटेल, सुनील भुवाल, जोन कमिश्नर विनय मिश्रा, विनोद देवांगन, डॉ. तृप्ति पाणिग्रही और रवि लवानिया सभी वार्डों के सुपरवाईस्रर और एसएसजी की सभी महिलायें मौजूद थीं।




