कोरोना होम आइसोलेटेड परिवार की महिला की मौत के मचा हड़कंप,पुलिस ने सील किया पूरा इलाका सभी के आने जाने की पर लगी पाबंदी
जगदलपुर, बस्तर संभाग मुख्यालय के निगम क्षेत्र अंर्तगत सरदार वल्लभ भाई पटेल वार्ड में पिछले कुछ दिनों से होम आइसोलेशन में रखे गए एक परिवार की महिला की बीती रात मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत के बाद जब यह ज्ञात हुआ कि इस परिवार को होम आइसोलेटेड रखा गया था, इसके बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। पुलिस आनन-फानन में मृतिका के निवास स्थान नया बस स्टैंड के सामने पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। इस वार्ड में किसी के भी प्रवेश करने पर पाबंदी लगा दी गई है। मृतिका के सेम्पल जांच लिए जाने के बाद पुलिस और परिजनो की उपस्थिति में मृतिका का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतिका का पुत्र पिछले महीने अजमेर गया हुआ था अजमेर से दिल्ली और दिल्ली से हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से रायपुर होते हुए जगदलपुर पहुंचा था। शासन द्वारा जारी सूची में इस परिवार के सदस्य का नाम शामिल था, जिसके बाद से ही परिवार के सभी सदस्यों को होम आइसोलेशन में रखा गया था। जांच में परिवार के किसी भी सदस्य में कोरोना संक्रमण नहीं पाये गये थे, वहीं तबलीकी जमात से भी इनका कोई संबंध नहीं था। मृतिका महिला पिछले 02 माह से बीमार चल रही थी जिसके बाद उसकी तबीयत ज्यादा खराब होने पर मेडिकल कॉलेज जगदलपुर में इलाज चल रहा था। लेकिन वर्तमान स्थिति को देखते हुए आइसोलेशन में रखे परिवार की महिला की मौत हो जाना कोरोना संक्रमण के शंका के दायरे में आता है। जिसे देखते हुए पुलिस व जिला प्रशासन ने पूरे इलाके को सील कर दिया है। स्थिति सामान्य होने तक इनके घर के आसपास में किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई है।
नगर पुलिस अधीक्षक हिमसागर सिदार ने बताया कि एहतियात के तौर पर मृतिका महिला के घर तक पहुंच मार्ग के तीन और तीनों रास्तों को बंद कर दिया गया है। इस बीच किसी भी बाहरी व्यक्ति को वार्ड में प्रवेश करने नहीं दिया जाएगा, साथ ही वार्ड के लोगों को भी समझाएं दी गई है कि वे घरों में रहे और पूरी सावधानी बरतें।
महारानी अस्पताल के सीएमओ डॉक्टर विवेक जोशी ने बताया कि होम आइसोलेशन से पहले महिला की जांच महारानी अस्पताल में की गई थी महिला के या उनके परिवार के सदस्यों में कोरोना के कोई लक्षण नही मिले थे। महिला की मौत के बाद रिपोर्ट आने पर ही कुछ कहा जा सकता है।




