आरंग के एक निजी अस्पताल का डॉक्टर निकला कोरोना संक्रमित, दिन भर करता रहा मरीजों का इलाज, देर रात रिपोर्ट आई पॉजिटिव
आरंग | छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर जिले के आरंग से एक बड़ी खबर सामने आई है | खबर मिल रही है कि बलौदाबाजार जिले के सिविल सर्जन डॉक्टर की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद रायपुर जिले के आरंग में दहशत और हड़कंप सा मचा हुआ है, क्योंकि डॉक्टर द्वारा आरंग के बस स्टैंड में निजी अस्पताल संचालित है. जहां वो रविवार को भी मरीजों का इलाज कर रहे थे. डॉक्टर की देर रात रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है. डॉक्टर के पास इलाज कराने आए लोगों और आस पास क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है.
जानकारी के अनुसार डॉक्टर हर रविवार को मरीजों का इलाज करते है. जिस कारण अस्पताल में मरीजों की संख्या आम दिनों की तुलना में अधिक रहती है, लेकिन जब जानकारी मिली कि डॉक्टर कोरोना संक्रमित है, तो अस्पताल के आसपास की दुकानों में ताले लग गए. दुकान संचालक भयभीत होकर अपनी अपनी दुकानें बंद कर चले गए. इतना ही नहीं रविवार को इलाज कराने गए मरीज भी भय और आशंका से घिरे है.
जानकारी मिलते ही प्रशासन ने उनके आरंग स्थित निजी अस्पताल को देर रात ही सील कर दिया गया है. सील करने से पूर्व प्रशासन द्वारा क्लिनिक में भर्ती 13 मरीजों को अन्य अस्पतालों में शिफ्ट किया गया. अस्पताल के तमाम स्टाफ का आरटीपीसीआर टेस्ट कर होम आइसोलेट करने की प्रक्रिया जारी है.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अस्पताल में लगे सीसीटीवी के डीवीआर को जब्त कर लिया गया है. जिससे उसकी रिकॉर्डिंग को देख रविवार को अस्पताल में आये तमाम लोगों की पहचान कर उनका स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए उन्हें आइसोलेट किया जा सके |




