मास्क के नाम पर वाहन चालकों से जारी वसूली से आम जनता परेशान, वसूली के कारण चौक-चौराहों में बन रही जाम की स्थिति
रायपुर। महंगाई के इस दौर में मास्क के नाम पर जारी वसूली से अब राजधानी वासी परेशान होने लगे है। नगर निगम प्रशासन और पुलिस प्रशासन के संयुक्त अभियान चलाकर सिर्फ खानापूर्ति करते हुए शहर के अनेकों चौक-चौराहों पर बिना मास्क पहने हुए दोपहिया वाहन चालकों से वसूली किया जा रहा है, जबकि शहर के भीड़-भीड़ वाले व्यावसायिक इलाको में, कार्यक्रम स्थलों में यहां तक अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम नया रायपुर में भी चल रहे रोड सेफ्टी क्रिकेट टूर्नामेंट में भी मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया जा रहा है। ऐसे में नगर निगम और पुलिस प्रशासन की यह कार्यवाही सिर्फ खानापूर्ति और वसूली अभियान से ज्यादा कुछ नहीं लग रहा है।
राजधानी रायपुर में कोरोना के मामले फिर बढऩे लगे है। इसे देखते हुए शासन, प्रशासन द्वारा लोगों को जागरूक करने और कोरोना को खत्म करने के लिए कोरोना को लेकर जारी गाईड लाईन का पालन करने की लगातार अपील कर रहे है। हालांकि इसके बावजूद राजधानी रायपुर में लगातार व्यावसायिक क्षेत्र से लेकर सभी क्षेत्रों में आयोजित होने वाले कार्यक्रम व समारोह में कहीं भी कोरोना के गाईड लाइन का पालन नहीं किया जा रहा है। लोग बेखौफ होकर भीड़-भीड़ वाले इलाको में घूम रहे है, व कार्यक्रमों में शामिल हो रहे है। नगर निगम प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा मास्क पहनने के लिए लोगों को जागरूक करना छोड़कर अब जुर्माना अभियान जारी किया है। हालांकि यह जुर्माना अभियान वसूली अभियान में तब्दील होते दिख रहा है, क्योंकि यह अभियान सिर्फ दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ की जा रही है मानो जैसे शहर में कोरोना को सिर्फ दोपहिया वाहन चालकों द्वारा ही फैलाया जा रहा है, जबकि दूसरी ओर शहर के समस्त व्यावसायिक इलाको में जहां दिन-रात भीड़ लग रही है, राजनैतिक दलों के कार्यक्रमों में जहां कोरोना के नियमों का कोई पालन नहीं किया जा रहा है ऐसे स्थानों पर बिना मास्क लगाये शामिल होने वालों के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है जो इस अभियान पर प्रश्र चिन्ह लगाता है।
यहीं नहीं इस अभियान के कारण शहर के अनेकों स्थानों पर दोपहिया वाहन चालकों और जुर्माना वसूली करने वालों के बीच विवाद की स्थिति बन रही है, जिसके कारण चौक-चौराहो पर ट्राफिक जाम की स्थिति भी निर्मित हो रही है।




