सेना के विशेष विमान से पहुंचा शहीद विप्लव व परिवार का पार्थिव देह, रामलीला मैदान में अंतिम दर्शन
रायगढ़: मणिपुर में शहीद हुए कर्नल विप्लव त्रिपाठी का पार्थिव शरीर वायुसेना के विशेष विमान से रायगढ़ पहुंचा। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी के साथ हमले में शहीद हुई उनकी धर्मपत्नी श्रीमती अनुजा त्रिपाठी और पुत्र अबीर त्रिपाठी का पार्थिव शरीर भी रायगढ़ पहुंचा।
शहीद त्रिपाठी के परिवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सांसद रायगढ़ गोमती साय, विधायक रायगढ़ प्रकाश नायक, विधायक लैलूंगा चक्रधर सिदार, जिला पंचायत अध्यक्ष निराकार पटेल, कलेक्टर भीम सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीणा रायगढ़ शहर के हजारों लोगों ने एयरपोर्ट में शहीदों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि दी। शहीद का पार्थिव देह रायगढ़ के रामलीला मैदान में शहरवासियों के अंतिम दर्शन के लिए रखा गया।
अंतिम संस्कार को लेकर तय कार्यक्रम में बदलाव
शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी के अंतिम संस्कार कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। अब उनका और पत्नी व बच्चे का शव विशेष विमान से जिंदल हवाई पट्टी पर पहुंचा। इसके बाद तीनों शवों को घर ले जाया जाएगा। वहां से शवों को म्यूनिसिपल स्कूल ग्राउंड में लेकर आएंगे और अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। रायपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री का कार्यक्रम निरस्त होने के बाद इसमें बदलाव किया गया है।
इस रूट से निकाली जाएगी शहीद की अंतिम यात्रा
रायगढ़ पहुंचने के बाद दोपहर डेढ़ बजे तक पार्थिव देह किरोड़ीमल काॅलोनी स्थित उनके निवास पर रखी जाएगी। दोपहर 2:15 बजे रामलीला मैदान में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इस दौरान सेना के जवान गार्ड ऑफ ऑनर देंगे। दोपहर 3.15 बजे उनकी अंतिम यात्रा रामलीला मैदान से शुरू होगी। वहां सक्तीगुड़ी चौक, स्टेशन चौक, गांधी चौक, सुभाष चौक होते हुए पुरानी हटरी गांजा चौक चांदनी चौक होते हुए 4 बजे सर्किट हाउस स्थित मुक्तिधाम के लिए पहुंचेगी।
गार्ड ऑफ ऑनर देने पहुंचे असम राइफल्स के जवान
सेना के असम राइफल्स के 5 सीनियर अफसर और 50 जवान मणिपुर से रायगढ़ पहुंचे हैं, जो उन्हें गार्ड ऑफ ऑर्नर देंगे। इससे पहले रविवार को ये अफसर और जवान शहीद त्रिपाठी के माता-पिता और परिजनों से भी मुलाकात करने के लिए घर पहुंचे थे। इधर विप्लव के पिता और माता से मिलने के लिए सांसद गोमती साय और विधायक प्रकाश नायक भी उनके घर पहुंचे हुए थे।
सम्मान में आज रायगढ़ शहर बंद रखने आह्वान
चैंबर आफ कॉमर्स के प्रदेश उपाध्यक्ष सुशील रामदास अग्रवाल ने बताया कि शहीद विप्लव त्रिपाठी की अंतिम यात्रा शहर से निकाली जाएगी। इसे देखते हुए चैंबर ऑफ कॉमर्स ने व्यापारियों को सोमवार को मार्केट बंद रखने का आह्वान किया है। इस दौरान शहर के सिनेमा घरों और मल्टीप्लेक्स सुबह 12 बजे से दोपहर 3 बजे की शो को बंद रखने का फैसला किया गया है, जिस रुट से यह अंतिम यात्रा निकलेगी। वहां पर दो पहिया या चार पहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है।




